@जे0 के0…….

SONBHADRA। अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत शुक्रवार को आबकारी विभाग ने दुद्धी क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर प्रभार तथा जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान करीब 35 लीटर कच्ची शराब और 150 किलोग्राम लहन बरामद किया गया।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-02 दुद्धी रविनंदन और आबकारी निरीक्षक अमित कुमार ने आबकारी स्टाफ तथा स्थानीय थाना कोतवाली दुद्धी पुलिस के साथ धनौरा, बीडर, खजूरी, स्वीपर बस्ती, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध घरों, झुग्गी-झोपड़ियों और अन्य स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने के लिए संचालित दो भट्ठियां भी मिलीं।
टीम ने मौके पर ही दोनों भट्ठियों को नष्ट करने के साथ बरामद करीब 150 किलोग्राम लहन को भी नष्ट कर दिया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को अवैध शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। इसके साथ ही क्षेत्र की आबकारी दुकानों की नियमित जांच की गई। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।