मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाभार्थियों को दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। योजना का लाभ सभी पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि उज्ज्वला योजना के सभी पंजीकृत लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाए। साथ ही उनके बैंक खातों की आधार सीडिंग और ई-केवाईसी की स्थिति भी अपडेट कराई जाए, ताकि किसी पात्र लाभार्थी को मुफ्त सिलेंडर का लाभ लेने में परेशानी न हो।

उन्होंने दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं के घर तक समय से गैस सिलेंडर पहुंचाने के निर्देश दिए। गैस एजेंसियों के संचालकों और प्रबंधकों को सभी लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कराने को भी कहा गया। इसके अलावा लंबे समय से निष्क्रिय लाभार्थियों और बैंक खातों की पहचान कर सूची दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर पाने की प्रक्रिया, जरूरी शर्तों और निर्धारित तिथियों की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से योजना का पारदर्शी और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र परिवार को योजना का पूरा लाभ मिल सके।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, लीड बैंक मैनेजर, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप-विज्ञान, सभी पूर्ति निरीक्षक तथा आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के विक्रय प्रबंधक मौजूद रहे।