यूपी में विधान परिषद की 11 सीटों पर कुल 54.58 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार खंड स्नातक की सबसे अधिक गोरखपुर-फैजाबाद में 79.32 प्रतिशत मतदान हुआ। उधर, आगरा में तीन बूथों पर कल फिर वोट पड़ेंगे।
यूपी में विधान परिषद की 11 सीटों पर कुल 54.58 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार खंड स्नातक की लखनऊ सीट पर 39.83 प्रतिशत, मेरठ में 35.81 प्रतिशत, आगरा में 49.75 प्रतिशत, वाराणसी में 41.11 प्रतिशत और इलाहाबाद-झांसी में 41.40 प्रतिशत मतदान हुआ। ऐसे ही खंड शिक्षक की लखनऊ सीट पर 52.19 प्रतिशत, मेरठ में 57.64 प्रतिशत, आगरा में 59.82 प्रतिशत, वाराणसी मे 69.87 प्रतिशत, बरेली-मुरादाबाद में 73.69 प्रतिशत और गोरखपुर-फैजाबाद में 79.32 प्रतिशत मतदान हुआ। फिलहाल सभी 11 सीटों पर कुल 54.58 प्रतिशत वोटिंग हुई है। उधर, आगरा में तीन बूथों पर कल फिर वोट पड़ेंगे।
उधर, आगरा में विधान परिषद चुनाव के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाकर किए गए हंगामे के बाद अब यहां तीन पोलिंग बूथों पर 26 अक्तूबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। रिटर्निंग आफिसर की ओर से तीन बूथों पर पुनर्मतदान की संस्तुति की गई थी जिसे चुनाव आयोग ने मंजूर कर लिया है। आगरा के मंडलायुक्त को रविवार तक मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। दोषी पुलिसकर्मी और मतदानकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल की ओर से चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था।
सुबह 8 से 4 बजे तक होगा मतदान
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने 23 अक्टूबर को हुए मतदान को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58ए(2)(ए) के तहत शून्य घोषित करते हुए तीनों मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। पुनर्मतदान मतदेय स्थल संख्या 20, तहसील परिसर, खैरागढ़ के कक्ष संख्या एक, मतदेय स्थल संख्या 21, क्षेत्र पंचायत कार्यालय, सैयां के कक्ष संख्या एक, और मतदेय स्थल संख्या 26, क्षेत्र पंचायत कार्यालय, फतेहाबाद के कक्ष संख्या एक में कराया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीनों मतदेय स्थलों पर 26 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
मुजफ्फरनगर में भिड़े भाजपाई-सपाई
मुजफ्फरनगर में वोटिंग के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान मंत्री कपिलदेव अग्रवाल और सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी में जमकर नोकझोंक हुई। मौके पर मौजूद पुलिस अफसरों व अधिकारियों को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र से हटाना पड़ा। बागपत के खेकड़ा कस्बे में मतदान केंद्र पर शाम को पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष की सीओ से तीखी बहस हो गई। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सीओ ने उनको धक्का देकर बाहर निकालने का प्रयास किया। आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए

