वंदेभारत के लिए वाराणसी में हेवी रिपेयर शेड बनेगा। इसमें भारी उपकरण बदले जा सकेंगे। इसका निर्माण कैंट-लोहता स्टेशन के बीच ऑल वेदर शेड के पास होगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू भी शुरू हो गई है।
मनीष श्रीवास्तव, वाराणसी। सेमी हाईस्पीड वंदेभारत ट्रेनों के लिए वाराणसी में हेवी रिपेयर शेड बनेगा। वाराणसी जंक्शन (कैंट) और लोहता स्टेशनों के बीच स्थित ऑल वेदर शेड के पास इसका निर्माण होगा। इसमें इन ट्रेनों की तकनीकी गड़बड़ी दूर की जा सकेगी और पहिए, एसी समेत अन्य उपकरण बदले भी जा सकेंगे। उत्तर रेलवे मुख्यालय ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू भी शुरू हो गई है।
वंदेभारत ट्रेनों के हेवी रिपेयरिंग की सुविधा फिलहाल नई दिल्ली की शकूरबस्ती में ही है। वाराणसी से नई दिल्ली, देवघर आदि जगहों को जाने वाली वंदेभारत ट्रेनों समेत कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस गाड़ियों की धुलाई और प्राइमरी मेंटेनेंस कैंट और लोहता स्टेशनों के बीच बने ऑल वेदर शेड (यूनिवर्सल वाशिंग डिपो) में होता है। इस प्रीमियम ट्रेन में अगर बड़ी खराबी आ गई तो उसे शकूरबस्ती स्थित हेवी रिपेयर शेड में ठीक किया जाता है। समय के साथ देश भर में वंदेभारत ट्रेनें बढ़ने के साथ ही इनकी मरम्मत, हेवी रिपेयरिंग की जरूरत भी महसूस हुई।
अब वाराणसी में यह सुविधा शुरू करने के लिए भेजे गए प्रस्ताव को उत्तर रेलवे ने मंजूरी दे दी है। ऑल वेदर शेड के पास बनने वाले हेवी शेड में वंदेभारत एक्सप्रेस और अन्य एक्सप्रेस गाड़ियों के पहिए, एसी और अन्य भारी उपकरण बदले जा सकेंगे। शेड में नई पटरियां बिछाई जाएंगी। यहां क्रेन, मशीनें और अन्य जरूरी उपकरण रहेंगे। कुशल मेकैनिक ट्रेनों को दुरुस्त करेंगे।
कैंट-बनारस से चलती या गुजरती हैं आठ वंदेभारत
वाराणसी जंक्शन और बनारस स्टेशनों से अभी आठ वंदेभारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें वाराणसी जं. से नई दिल्ली की दो (सुबह और दोपहर), रांची, देवघर तथा मेरठ के लिए वंदेभारत ट्रेनें रवाना होती हैं, जबकि पटना-गोमतीनगर वंदेभारत यहां से गुजरती हैं। वहीं, बनारस स्टेशन से आगरा और खजुराहो के लिए सेमी हाईस्पीड ट्रेनें चलती हैं। 31 अक्तूबर से कैंट से नई दिल्ली के लिए देश की दूसरी वंदेभारत एक्सप्रेस संचालित होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। हालांकि रेलवे बोर्ड ने इस प्रीमियम ट्रेन के नियमित परिचालन की तिथि और किराये के संबंध में नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। कैंट-लोहता स्टेशन के बीच ऑल वेदर शेड में वंदेभारत का प्राइमरी मेंटेनेंस होता है। अपर मंडल रेल प्रबंधक (उत्तर रेलवे), बृजेश कुमार यादव ने कहा कि वाराणसी में वंदेभारत ट्रेनों के लिए हेवी रिपेयर शेड बनाने की मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। इससे काफी सुविधा होगी। ऑल वेदर शेड के पास जल्द ही इसका निर्माण शुरू कराया जाएगा।

