दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान हिंदू देवी-देवताओं को नहीं मानने की शपथ लेने के आरोप में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर केस दर्ज हो गया है। एक शिकायत पर दादरी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है।
दिल्ली में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान हिंदू देवी-देवताओं को नहीं मानने की शपथ लेने के बाद सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अब धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने की शिकायत पर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गोरक्षा हिंदू दल के अध्यक्ष वेद नागर की शिकायत पर दादरी कोतवाली पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे राजकुमार भाटी के वीडियो से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। राजकुमार भाटी की ओर से देश का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है।
किसकी शिकायत पर ऐक्शन?
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि गोरक्षा हिंदू दल के अध्यक्ष वेद नागर ने शनिवार को सुबह थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत पर ऐक्शन हुआ है। इसमें नागर ने कहा है कि वह गुर्जर समाज से आते हैं। उनके समाज के लोग भगवान शिव की उपासना करते हैं और भगवान विष्णु के साथ भगवान राम में आस्था रखने वाले सनातनी हैं। उनके समाज और पूर्वजों ने सनातन धर्म, राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए अनगिनत बलिदान दिए हैं।
शिकायत में महान हस्तियों का जिक्र
वेद नागर ने अपनी शिकायत में आगे कहा है कि चक्रवर्ती सम्राट मिहिर भोज, वीरांगना राम प्यारी गुर्जर, राजमाता गुजरी और रामावतार भाटी जैसी महान हस्तियां गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास की प्रतीक हैं। गुर्जर समाज में जन्मे राजकुमार भाटी ने दिल्ली में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं, भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और सनातन धर्म की मान्यताओं के खिलाफ बयान दिया है।
सनातन का सार्वजनिक रूप से अपमान
वेद नागर ने आरोप लगाया कि राजकुमार भाटी ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए अपने धर्म और आराध्य देवी-देवताओं के साथ ही सनातन धर्म का सार्वजनिक रूप से अपमान किया है। इसको स्वीकार नहीं किया जा सकता है। यह घटना सनातन की आस्था और सम्मान से जुड़ी है। गुर्जर समाज की पहचान किसी एक की राजनीतिक पहचान से नहीं वरन उसके गौरवशाली इतिहास, सनातन परंपराओं, संस्कारों, राष्ट्रभक्ति और पूर्वजों के बलिदानों से है।
देश का माहौल खराब करने का प्रयास
वेद नागर ने आगे कहा है कि गुर्जर समाज ऐसे किसी को अपना आदर्श नहीं मानता जो सार्वजनिक रूप से सनातन धर्म की मान्यताओं के खिलाफ बयान देता है। राजकुमार भाटी के इस कृत्य से गुर्जर समाज और सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। ऐसे में राजकुमार भाटी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। राजकुमार भाटी की ओर से यह कृत्य देश का माहौल खराब करने के लिए किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक मिश्रा ने पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के बारे में बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 352, 353(2) और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की कार्रवाई से संकेत साफ हैं कि उक्त आरोपों पर राजकुमार भाटी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। गौरतलब है कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने राजकुमार भाटी के उक्त कृत्य को अनुशासनहीनता के दायरे में रखा है। उन्होंने कहा कि मामले में ऐक्शन पर निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।

