मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..राशन कार्डधारकों को राहत, गेहूं-चावल के साथ चयनित क्षेत्रों में मिलेगा

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अक्टूबर 2026 के लिए आवंटित निःशुल्क खाद्यान्न वितरण की तिथि बढ़ा दी गई है। अब जनपद सोनभद्र में पात्र राशन कार्डधारक 30 अक्टूबर तक सरकारी राशन प्राप्त कर सकेंगे। पहले खाद्यान्न वितरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित थी।

जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता के अनुसार, खाद्यान्न वितरण की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य सभी पात्र राशन कार्डधारकों तक खाद्यान्न पहुंचाना सुनिश्चित करना है। अक्टूबर माह के सापेक्ष आवंटित गेहूं और चावल का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। वहीं, चयनित जनपदों में मोटे अनाज के रूप में मक्का भी वितरित किया जाना है।

विस्तारित अवधि के दौरान 30 अक्टूबर तक ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित राशन वितरण किया जाएगा। इसके अलावा मोबाइल ओटीपी के जरिए राशन प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। राशन कार्डधारक पोर्टेबिलिटी के माध्यम से भी निर्धारित आवश्यक वस्तुएं प्राप्त कर सकेंगे।

जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए वितरण कार्य सुनिश्चित कराने को कहा है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित न रहे।