Last Updated:
Delhi-NCR Weather: दिल्ली और आसपास के इलाकों में देर रात अचानक से मौसम का तेवर बदल गया. दिल्ली से लेकर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज हवा के झोकों के साथ बारिश रिकॉर्ड की गई. कुछ जगहों पर ओले भी गिरे हैं.
Delhi-NCR Weather: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के साथ ही उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की बात कही थी. इसके प्रभाव से तेज हवा के साथ बारिश होने या फिर बौछार पड़ने की भविष्यवाणी की गई थी. IMD का यह पूर्वानुमान शनिवार देर रात को सच साबित हुई. मौसम ने अचानक से करवट बदला. पहले हवा की रफ्तार सामान्य से ज्यादा हुई और उसके बाद बारिश शुरू हो गई. दिल्ली के साथ ही नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश हुई है. कुछ जगहों पर ओले भी गिरे हैं.
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार देर रात गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि दिल्ली और नोएडा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली. क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अपेक्षाकृत गर्म मौसम बना हुआ था, लेकिन देर रात हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण ठंडक बढ़ गई. हरियाणा के हिसार में भी बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है. मौसम में अचानक आए इस बदलाव के बीच आने वाले घंटों में कुछ इलाकों में फिर बारिश होने की संभावना से मौसम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.
IMD ने पहले ही जारी किया था अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किए थे. इसके चलते विभिन्न क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां बढ़ने की आशंका जताई गई थी. आने वाले दिनों में भी देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है. हालांकि, बारिश की तीव्रता अलग-अलग क्षेत्रों में भिन्न रह सकती है. दिल्ली-एनसीआर में बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद भी बढ़ी है. राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई थी. शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 191 दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के 230 के मुकाबले बेहतर रहा.
वायु प्रदूषण में कमी आने की संभावना
बारिश और तेज हवाओं से धूल तथा प्रदूषक कणों के स्तर में कमी आने की संभावना रहती है, हालांकि वायु गुणवत्ता पर इसका वास्तविक असर मौसम की परिस्थितियों और प्रदूषण के अन्य स्रोतों पर निर्भर करेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…

