इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर शेखूपुर जखोली गांव के पास रेल मंत्रालय ने अंडर ब्रिज के निर्माण की मंजूरी दे दी है. रेल मंत्रालय ने यह मंजूरी इटावा से भाजपा विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया की पहल पर दी है. फिलहाल अभी रेलवे अंडर ब्रिज की निर्माण की आधिकारिक अनुमति प्राप्त हुई है. लेकिन अभी बजट की स्वीकृति नहीं की गई है और यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि अंडर ब्रिज का निर्माण कब से शुरू होगा. उम्मीद ऐसी जताई जा रही है कि आगामी बजट में रेलवे अंडर ब्रिज के लिए बजट का निर्धारण करने के साथ ही निर्माण की समय सीमा भी तय कर दी जाएगी.
ऐसा कहा गया है कि काफी लंबे समय से इस इलाके के लोग शेखूपुर जखोली गांव के पास रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण की मांग कर रहे थे. जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी की विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने रेल मंत्री को इस बाबत पत्राचार किया पत्राचार के जवाब में रेल मंत्री ने अंडर ब्रिज के निर्माण की मंजूरी दे दी है.
13 दिनों तक हुआ धरना प्रदर्शन
इस जानकारी मिलने पर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल गए हैं और उन्होंने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई देते हुए सदर विधायक और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है. गौरतलब हो कि कई गांवों के ग्रामीणों ने अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर 13 दिनों तक धरना प्रदर्शन किया था. धरना प्रदर्शन में कई विपक्षी दलों के नेताओं के अलावा सदर विधायक सरिता भदौरिया भी मौके पर पहुंची और उन्होंने अंडरपास बनाए जाने का आश्वासन दिया था.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा था पत्र
ग्रामीणों की समस्या को लेकर उन्होंने 11 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शेखूपुर जखौली में अंडरपास का निर्माण कराए जाने की मांग की थी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पोल संख्या 1148/22 के पास रेलवे अंडरपास के निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी. रेल मंत्री द्वारा भेजे गए पत्र की जानकारी होते ही ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे.
इन गांववालों को होगा फायदा
समाजसेवी एव ब्लॉक मिशन संयोजक दीपक राज ने बताया कि क्रासिंग बंद रहने या मार्ग न होने की वजह से ग्रामीणों को काफी परेशानी होती थी. अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर 13 दिनों तक धरना प्रदर्शन चला, जो सदर विधायक के आश्वासन पर समाप्त हुआ था. उन्होंने कहा कि अंडरपास बनने से गांव इंधौआ, शेखूपुर जखौली, महानेपुर, केशोपुर, महातुआ, नगला बढ़ईयान, नगला शंकर के ग्रामीणों का शेखपुर जखौली और आसपास के गांवों का आवागमन आसान और सुरक्षित हो जाएगा.
ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों से लगाई थी गुहार
किसानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने और स्कूली बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचने में सहूलियत होगी. इटावा के विकासखंड बढ़पुरा की ग्राम पंचायत शेखूपुर जखोली में रेलवे लाइन के निकट जलभराव की विकट समस्या से स्थानीय ग्रामीण बेहद परेशान थे. निवासियों ने अपनी समस्या के समाधान हेतु रेलवे अधिकारियों से ओवरब्रिज या अंडरपास निर्माण की गुहार लगाई है.
गांववालों को इन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया है कि रेलवे लाइन पर पोल नंबर 1148/ 20,22 के पास स्थित पुलिया में जलभराव के कारण क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है. इस स्थिति ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है, जिससे न केवल उनका समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि धन और श्रम का भी अनावश्यक व्यय हो रहा है.
छात्रों और आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई
जलभराव के कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं अपनी शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में असमर्थ हैं, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है. इसके अलावा, स्थानीय निवासियों को इकदिल कस्बे में लगने वाले हाट-बाजार, बकरी बाजार और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी आवश्यक जगहों तक पहुंचने में भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. सत्याग्रह संयोजक दीपक राज ने बताया कि इससे पूर्व भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित करते हुए सदर विधायिका सरिता भदौरिया को पुल निर्माण के लिए ज्ञापन सौंपा जा चुका है.
ग्रामीणों की दैनिक समस्याओं और बढ़ती दिक्कतों को देखते हुए, उन्होंने रेलवे प्रशासन से आग्रह किया है कि इस निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए. ज्ञापन में डीआरएम प्रयागराज से पुरजोर निवेदन किया गया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यहां अति शीघ्र ओवरब्रिज या अंडरपास का निर्माण करवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके.

