Last Updated:
Diwali painting tips : दिवाली आने वाली है. इस दौरान ज्यादातर लोग घर की पुताई और पेंटिंग करवाते हैं. अक्सर जल्दबाजी में पेंटिंग करवाने से कई बार स्विच बोर्ड, बल्ब, दीवारों पर लगी फोटो और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान बदसूरत हो जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. सुल्तानपुर के पेंट विक्रेता दीपक कश्यप लोकल 18 से बताते हैं कि पेंटिंग कराने से पहले स्विच बोर्ड के बाहरी हिस्से को पेंटर टेप या प्लास्टिक कवर से सुरक्षित करवा सकते हैं. पेंटिंग के दौरान दीवारों पर लगी फोटो, घड़ी, कैलेंडर और सजावटी सामानों पर भी रंग गिरने का खतरा रहता है. ऐसे में पेंटिंग शुरू होने से पहले सभी फोटो फ्रेम, घड़ी और सजावटी वस्तुओं को दीवार से उतारकर सुरक्षित जगह पर रख दें.
सुल्तानपुर. दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही लोग अपने घरों को सजाने और नया लुक देने में जुट जाते हैं. इस दौरान ज्यादातर लोग घर की पुताई और पेंटिंग करवाते हैं, ताकि त्योहार पर घर खूबसूरत नजर आए. अक्सर जल्दबाजी में पेंटिंग शुरू करवाने से कई बार स्विच बोर्ड, बल्ब, दीवारों पर लगी फोटो और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान बदसूरत हो जाते हैं. इनसे पेंट के दाग छुड़ाना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में पेंटिंग करवाने से पहले कुछ जरूरी काम कर लेना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं वे कौन से काम हैं, जिन्हें अपनाकर आप नुकसान से बच सकते हैं. सुल्तानपुर के पेंट विक्रेता दीपक कश्यप लोकल 18 से बताते हैं कि घर की पेंटिंग करवाने से पहले सभी स्विच बोर्ड, बिजली के सॉकेट और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित करना जरूरी है. पेंट के छींटे पड़ने से स्विच बोर्ड खराब हो सकते हैं और उनकी सफाई करना भी मुश्किल हो जाता है. स्विच बोर्ड के बाहरी हिस्से को पेंटर टेप या प्लास्टिक कवर से सुरक्षित करवा सकते हैं. बिजली से जुड़े किसी भी काम से पहले मेन सप्लाई बंद कर दें. स्विच बोर्ड खोलने या तारों से संबंधित काम के लिए इलेक्ट्रिशियन की मदद लें.
सबसे पहले ये काम
दीपक बताते हैं कि पेंटिंग के दौरान दीवारों पर लगी फोटो, घड़ी, कैलेंडर और सजावटी सामानों पर रंग गिरने का खतरा रहता है. कई बार पेंट के छोटे-छोटे छींटे इन चीजों को खराब कर देते हैं. ऐसे में पेंटिंग शुरू होने से पहले सभी फोटो फ्रेम, घड़ी और सजावटी वस्तुओं को दीवार से उतारकर सुरक्षित जगह पर रख दें. इससे सामान खराब होने का खतरा कम होगा और पेंटर को भी दीवारों पर आसानी से काम करने में मदद मिलेगी. घर की पुताई के दौरान बल्ब, ट्यूबलाइट, पंखे और फर्नीचर पर पेंट लगने की आशंका रहती है. इसलिए संभव हो तो बिजली बंद करके बल्ब और ट्यूबलाइट को सुरक्षत तरीके से हटवा दें. पंखों और बड़े फर्नीचर को प्लास्टिक शीट या पुराने कपड़ों से ढक दें. सोफा, बेड, अलमारी और दूसरे सामान को दीवारों से थोड़ा दूर कर दें, ताकि पेंटर को काम करने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके.
किनारों पर मास्किंग टेप
दीपक के मुताबिक, पेंटिंग करवाते समय अक्सर लोग दीवारों पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन फर्श, दरवाजी और खिड़कियों को ढकना भूल जाते हैं. इससे टाइल्स, मार्बल और लकड़ी के दरवाजों पर पेंट के दाग पड़ सकते हैं. इनसे बचने के लिए फर्श पर पुराना अखबार, मोटा कपड़ा या प्रोटेक्टिव शीट बिछा दें. दरवाजों और खिड़कियों के किनारों पर मास्किंग टेप लगवा दें. इन छोटी-छोटी तैयारियों से पेंटिंग के बाद सफाई में कम मेहनत लगेगी और आपका घर दीपावली पर खूबसूरत नजर आएगा.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…

