संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
— बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर अचानक ब्रेक लगाने से ट्रेलर से भिड़ी बस, पांच यात्री घायल; महिला की हालत गंभीर ट्रेलर चालक फरार

म्योरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में यात्रियों से भरी बस ट्रेलर से टकरा गई। बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर देवरी-बभनडीहा गांव के पास हुए इस हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा:
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रेणुकूट से अंबिकापुर जा रही बस देवरी-बभनडीहा गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से बस पीछे से उसमें जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

पांच घायल, डॉक्टर ने किया उपचार:
हादसे में छत्तीसगढ़ की मुर्सरत खातून (25), काचन की रुखसार (25), म्योरपुर की नेहा (19), रेणुकूट की तराना बानो (24) और काचन के अशोक (50) घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर संजीव बिंद ने उनका उपचार किया। मुर्सरत खातून की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

टक्कर के बाद ट्रेलर लेकर चालक फरार:
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद चालक की पहचान और उसके खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।