Last Updated:
Varanasi Sabarmati Train : रेलवे बोर्ड ने यात्रियों और पर्यटकों की मांग को ध्यान में रखते हुए वाराणसी से साबरमती के बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के रूट और ठहराव को आधिकारिक मंजूरी दे दी है. इस ट्रेन के शुरू होने से यूपी, राजस्थान और गुजरात के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगा. आइए जानते हैं सबकुछ.
भारतीय रेल की फाइल फोटो
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर है. वाराणसी से गुजरात के साबरमती तक जल्द ही नई रोजाना एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हो सकती है. रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को जल्द चलाने की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं. इससे यूपी, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी. दरअसल, 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. इसमें अहमदाबाद से वाराणसी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन शामिल है.
वाराणसी से साबरमती तक रोज चलेगी ट्रेन
रेलवे की योजना के मुताबिक, इस ट्रेन को वाराणसी से साबरमती के बीच रोजाना चलाया जाएगा. ट्रेन नंबर 12206 वाराणसी से साबरमती जाएगी, जबकि 12205 साबरमती से वाराणसी लौटेगी. ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे. जरूरत पड़ने पर इसकी शुरुआत विशेष ट्रेन के तौर पर भी की जा सकती है.
जानिए ट्रेन के आने-जाने का समय
रेलवे बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12206 वाराणसी से शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 12205 साबरमती से सुबह 5:20 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी.
यूपी से राजस्थान और गुजरात तक जुड़ेंगे कई शहर
इस ट्रेन के चलने से कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है. यूपी में मिर्जापुर, सुबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला और आगरा ईदगाह में ठहराव प्रस्तावित हैं. राजस्थान में भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर और आबू रोड समेत कई स्टेशन इस रूट से जुड़ेंगे. गुजरात में पालनपुर और मेहसाणा होते हुए ट्रेन साबरमती पहुंचेगी.
कब से शुरू होगी ट्रेन?
रेलवे ने ट्रेन को जल्द से जल्द चलाने की तैयारी करने को कहा है, लेकिन अभी इसकी शुरुआत की तारीख तय नहीं हुई है. सभी स्टेशनों का पूरा टाइम टेबल भी जारी नहीं किया गया है. ऐसे में यात्रियों को नियमित सेवा शुरू होने की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा. मगर, कयास लगाए जा रहे हैं कि 30 अक्टूबर से ये ट्रेन चल सकती है.
About the Author


