Last Updated:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिंगर दलेर मेहंदी से फोन पर बात करके उनका हालचाल लिया. मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले दलेर मेहंदी के साथ घटी घटनाओं पर भी बात की. गौरतलब है कि फिल्म बिरादरी ने पीएम और सीएम को पत्र लिखकर मंत्री सुबोध उनियाल के बर्ताव की शिकायत की थी. मंत्री ने दलेर मेहंदी को स्टेज पर परफॉर्मेंस के बीच फटकार लगाई थी और उन पर नशे में गाने का आरोप लगाया था.
दलेर मेहंदी से सीएम ने फोन पर बात की. (फोटो साभार: AI से जेनरेटेड इमेज)
नई दिल्ली: उत्तराखंड के एक मेले में दलेर मेहंदी को जिस तरह मंत्री सुबोध उनियाल ने फटकार लगाई, उसने सिनेमा जगत के तमाम सितारों को नाराज कर दिया. फिल्म बिरादरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम पत्र लिखकर मंत्री के रवैये पर सवाल उठाए और नाराजगी जाहिर की. 18 अक्टूबर को हुए कॉन्सर्ट के वीडियो में मंत्री सुबोध उनियाल के दावे पर मीका सिंह ने नाराजगी जाहिर की और भाई दलेर मेहंदी की खराब सेहत के संकेत दिए. विवाद के बीच उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर बात की. उन्होंने घटना पर दलेर मेहंदी के पक्ष को सुना.
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा को मानता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोक संस्कृति, गर्मजोशी भरी मेहमान नवाजी और सद्भाव की भावना देवभूमि की खास पहचान है, जहां कला, संस्कृति और कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया गया है. कॉन्सर्ट विवाद के बाद मंत्री सुबोध उनियाल की काफी किरकिरी हुई, दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर भी लोगों के मत बंटे दिखे. मंत्री ने दावा किया था दलेर मेहंदी स्टेज पर परफॉर्म करते समय नशे की हालत में थे. वे ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे. मंत्री के दावे पर मीका सिंह सहित तमाम सितारों ने दावा किया कि दलेर मेहंदी ने दशकों लंबे करियर में कभी शराब हो हाथ नहीं लगाया. मीका सिंह ने फिर दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर हुई आलोचना पर कहा कि वे सर्जरी के बाद लौटे हैं. उनकी तबीयत नासाज रही हो, जिसका असर उनकी परफॉर्मेंस में दिखा.
मीका सिंह ने फ्री में परफॉर्म करने का दिया ऑफर
मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया था कि दलेर मेहंदी को परफॉर्मेंस के लिए करीब 35 लाख रुपये दिए गए थे, जिस पर सवाल उठात हुए मीका सिंह ने पूछा था कि उन्हें 35 लाख कैश दिए थे या चैक से? उन्होंने बाद में मुफ्त में परफॉर्म करने का ऑफर भी दिया. मधु श्री, कुनिका सदानंद, अनुपम खेर सहित तमाम कलाकारों ने घटना पर दुख जताया है. कुनिका ने कहा कि हालात कैसे भी हों, कलाकार के साथ सही से पेश आना जरूरी है. दलेर मेहंदी के फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं. उनके बेटे ने उनका हेल्थ अपडेट देते हुए कहा कि वे बिल्कुल सही स्वस्थ हैं.
About the Author

अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
