Last Updated:
मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को परफॉर्मेंस के बीच डांट दिया था, जिससे तमाम कलाकारो ने नाराजगी जताई है. मीका सिंह और अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए मंत्री के बर्ताव पर आपत्ति जताई. फिल्म बिरादरी ने पीएम नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में मंत्री के बर्ताव पर अपनी नाराजगी जाहिर की. अब सिंगर मधु श्री ने दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए घटना पर अपना रिएक्शन दिया है.
फिल्म बिरादरी ने मंत्री के बर्ताव पर आपत्ति जताई है. (फोटो साभार: IANS)
नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है. फिल्म बिरादरी ने मंत्री के बर्ताव पर आपत्ति जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा. अब सिंगर मधु श्री ने भी दलेर का समर्थन किया है. मधु श्री ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि वह दलेर मेहंदी की बहुत बड़ी फैन हैं और उन्हें एक शानदार सिंगर मानती हैं. उन्होंने कभी दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए नहीं देखा. इवेंट में दलेर मेहंदी को मंच पर फटकार लगाए जाने पर मधु श्री ने कहा कि जो कुछ हुआ, वह ठीक नहीं था.
मधु श्री ने आईएएनएस से बात करते हुए दलेर मेहंदी के समर्थन में कहा, ‘सबसे पहले मैं कहना चाहूंगी कि मैं दलेर मेहंदी की बहुत बड़ी फैन हूं. कमाल के सिंगर हैं. मैंने उनके साथ लंदन में एक प्रोग्राम किया था. उन्होंने उसमें क्या शानदार परफॉर्मेंस दी थी. मैंने उन्हें कभी शराब पीते हुए नहीं देखा. उनके दो ही शौक हैं, एक गाना और दूसरा खाना. जब मुझे पता चला कि दलेर मेहंदी को एक इवेंट में फटकार लगाई गई, तो मुझे यह बात अच्छी नहीं लगी.’
दलेर मेहंदी से जताई थी नाराजगी
सिंगर मधु श्री ने अपनी बात रखते हुए कहा, ‘कोई भी इंसान कभी भी बीमार हो सकता है और बीमारी के दौरान हालत सामान्य नहीं रहती. खास तौर पर सिंगर्स. हम कितनी बार बीमार हुए, प्रोग्राम करने गए तो परेशानी हुई. मुझे मालूम नहीं है कि पूरा मामला क्या है, लेकिन जो हुआ, अच्छा नहीं हुआ.’ दरअसल, यह पूरा मामला 19 अक्टूबर को उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का है. यहां दलेर मेहंदी को परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया था. इवेंट में राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक की परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताई.
सर्जरी से उबरे थे दलेर मेहंदी
मंत्री सुबोध ने सवाल उठाया कि दलेर ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं, तो गाना कैसे गाएंगे. उन्होंने गायक पर शराब पीकर आने और लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक करने का आरोप भी लगाया. विवाद बढ़ने के बाद दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह ने उनका बचाव किया. मीका ने कहा कि दलेर की तबीयत ठीक नहीं थी और वह हाल ही में हुई सर्जरी से उबर रहे थे. उन्होंने शराब पीने के आरोपों पर भी सवाल उठाए. वहीं, अनुपम खेर ने कहा कि वह दलेर मेहंदी को पिछले 25 से 30 साल से जानते हैं और उन्होंने कभी उन्हें शराब पीते नहीं देखा. अगर परफॉर्मेंस को लेकर कोई शिकायत थी, तो उसे निजी तौर पर और सम्मान के साथ उठाया जा सकता था.
मंत्री सुबोध उनियाल ने दी सफाई
विवाद के बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस घटना पर चिंता जताई. फेडरेशन ने कहा कि पब्लिक इवेंट में किसी कलाकार की परफॉर्मेंस को लेकर कोई परेशानी हो, तो उसे समझदारी और संवेदनशीलता के साथ सुलझाया जाना चाहिए. किसी कलाकार को सबके सामने डांटना उचित तरीका नहीं है. सुबोध उनियाल ने अपने पक्ष में कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें आयोजकों को पहले ही बता देना चाहिए था. उन्होंने कहा कि उन्हें गायक से कोई निजी दिक्कत नहीं है और न ही उनका उन्हें ठेस पहुंचाने का इरादा था.
About the Author

अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
