नई दिल्ली. नए साल की पार्टी हो और दोस्तों की गैंग साथ हो, तो मस्ती के साथ हंगामा होना भी तय है. इसी मजेदार अंदाज में विराज घेलानी अपनी नई फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ लेकर आ रहे हैं. फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें दोस्ती, प्यार, लड़ाई-झगड़े और अजीबोगरीब घटनाओं की भरमार है. नए साल की एक रात कैसे दोस्तों के लिए मुसीबत और हंसी-मजाक का तूफान बन जाती है, यही फिल्म की कहानी है. रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी यह कॉमेडी फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
फिल्म की कहानी की शुरुआत नए साल की शाम से होती है, जब दोस्तों का मिलना-जुलना धीरे-धीरे एक बड़ी मुसीबत में बदल जाता है. शुरुआत में सब कुछ ठीक लगता है, लेकिन जल्द ही कहानी में पुलिस, गुंडे, पार्टी बस, प्यार के चक्कर, छोटी-छोटी लड़ाइयां और यहां तक कि एक नशे में धुत घोड़ा भी शामिल हो जाता है. हालात को संभालने की हर कोशिश मामला और बिगाड़ देती है. ट्रेलर में एक के बाद एक ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों को हंसाने के साथ यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि आखिर आगे क्या होने वाला है.
दोस्तों की मस्ती और गलत फैसलों की कहानी
‘पार्टी एनिमल्स’ की कहानी सिर्फ पार्टी में होने वाले हंगामे की कहानी नहीं है, बल्कि इसमें आज की दोस्ती, काफी कुछ पीछे छुट जाने का डर और उलझनों को भी दिखाया गया है. कई बार दोस्तों की प्लानिगं बहुत अच्छी लगती है, लेकिन रात 11 बजे के बाद वही प्लान मुसीबत बन जाता है. फिल्म इसी तरह की मजेदार परिस्थितियों को पर्दे पर पेश करती है.फिल्म में एक ऐसी रात की कहानी दिखाती है, जिसमें कुछ भी प्लान के मुताबिक नहीं होता. फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है.
वायरल हो रहा ट्रेलर
(फोटो साभार. instagram@yoodleefilms)
ट्रेलर पर लोग दे रहे रिएक्शन
ट्रेलर में अजीबोगरीब सीन्स और बेबाक कॉमेडी लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं. लोगों ने तो इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देना भी शुरू कर दिया है. एक यूजर ने लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे दोस्तों के ग्रुप चैट को फिल्म बनाने के लिए बजट मिल गया हो. तो एक अन्य ने लिखा कि उसे समझ नहीं आया कि उसने अभी क्या देखा, लेकिन अब उसे पूरी कहानी जाननी है.फिल्म में मान पटेल का किरदार निभा रहे विराज घेलानी का कहना है कि ‘पार्टी एनिमल्स’ ऐसी फिल्म है, जिसके पागलपन को शब्दों में समझाना मुश्किल है, लेकिन दोस्तों के साथ इसे देखने का मजा जरूर आएगा.
बता दें कि सारेगामा इंडिया लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सिद्धार्थ आनंद कुमार ने फिल्म को लेकर कहा कि मेकर्स ऐसी कॉमेडी बनाना चाहते थे, जो जबरदस्ती न लगे. जिसमें खुलकर अपने पागलपन को पेश किया जा सके. फिल्म देखने का असली मजा दोस्तों के साथ ही है. रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी फिल्म में नागपाल, नकियाह हाजी, आलम खान, साकिब अयूब, कमलेश सावंत, अनिल चरंजीत, आरोन कौल, विजय पाटकर और मनोज जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म 20 नवंबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी.

