संवाददाता@रामबली मिश्रा…..

बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अंजानी के कुड़िया टोला में मंगलवार की दोपहर मछली देखने के दौरान कुएं में गिरकर 5 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद दशहरे की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि बुलेट बाबा अंबेडकर (5) पुत्र विजयशंकर घर के नजदीक स्थित कुएं में बंसी से मछली मारने के दौरान संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गया। घटना के समय पिता खेत में सिंचाई करने गए थे और मां घर पर सिलाई कर रही थी।

पिता के खेत से लौटने पर बच्चे के न दिखने पर उन्होंने पत्नी से पूछा। पत्नी ने बताया कि वह पिता के साथ गया था, जबकि पिता ने कहा कि वह उनके साथ नहीं गया था। खोजबीन के दौरान किसी ने बताया कि वह कुएं पर मछली मार रहा था। परिजनों ने कुएं में तलाश की तो काफी देर बाद बच्चा बरामद हुआ।
परिजन तत्काल बच्चे को लेकर सीएचसी म्योरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक शिवम संकल्प इंटरमीडिएट कॉलेज, बकरिहवां का यूकेजी का छात्र था। 25 नवंबर को उसका जन्मदिन मनाया जाना था। परिजनों के अनुसार बुलेट बाबा अंबेडकर बहुत ही चंचल और हंसमुख स्वभाव का था। उसकी मौत से परिजनों, ग्रामीणों और विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई।
विजयशंकर ने बताया कि उनका एक बड़ा बेटा और एक बेटी भी है। इकलौते छोटे पुत्र की मौत से मां-बाप रो-रोकर अचेत हो रहे हैं।

चिकित्सकीय मेमो के आधार पर म्योरपुर पुलिस को सूचना दी गई। म्योरपुर पुलिस द्वारा बीजपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। बुधवार को मेमो के आधार पर बीजपुर पुलिस द्वारा पंचनामा कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा जा रहा है।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि म्योरपुर पुलिस के मेमो के आधार पर पंचनामा कराकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
