मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क करने और मतदान बढ़ाने पर जोर

शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए समाजवादी पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

इस दौरान चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति बनाई गई। सपा जिलाध्यक्ष ने शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव और स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।

घोरावल (400), रॉबर्ट्सगंज (401), ओबरा (402) और दुद्धी (403) विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की अपील की गई।

बैठक में कार्यकर्ताओं से 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर सक्रिय भूमिका निभाने और मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा गया। पार्टी ने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क को महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान पार्टी के सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, ब्लॉक व नगर पदाधिकारी तथा वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।