Last Updated:
Simran wins second gold in para Asian games: जापान के नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में भारतीय स्प्रिंटर सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर T12 स्पर्धा में 12.02 सेकेंड का रिकॉर्ड समय निकालकर दूसरा गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. इससे पहले उन्होंने 200 मीटर स्पर्धा में भी गोल्ड जीता था. पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता सिमरन ने नए गाइड शिवम के साथ मैदान पर उतरकर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है.
सिमरन ने पैरा एशियाई खेलों में दो दिन में जीता दूसरा गोल्ड मेडल.
नई दिल्ली. एशियाई पैरा खेलों में भारतीय स्प्रिंटर सिमरन ने अपनी तेज रफ्तार और बुलंद हौसलों के दम पर भारतीय खेल इतिहास में एक और नया और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है. 26 वर्षीय सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर T12 स्पर्धा में न केवल पहला स्थान हासिल किया, बल्कि नया ‘गेम्स रिकॉर्ड’ कायम करते हुए अपना दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया. सिमरन ने इस रेस को महज 12.02 सेकेंड में पूरा करके जीत हासिल की. इससे ठीक एक दिन पहले मंगलवार को भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए महिलाओं की 200 मीटर T12 स्पर्धा में नया रिकॉर्ड कायम करके पहला गोल्ड मेडल जीता था. इस प्रकार दो दिनों के भीतर लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने स्प्रिंट डबल पूरा किया.
इस हाई-वोल्टेज रेस में सिमरन (Simran) की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही. उन्होंने पहले ही पल से बढ़त बना ली और फिनिशिंग लाइन तक इस रफ्तार को बनाए रखा. इस रेस में ईरान की हाजर सफरजादेह ने 12.30 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि इंडोनेशिया की मेड नि पुत्री ने 12.51 सेकेंड में रेस पूरी कर कांस्य पदक अपने नाम किया. 200 मीटर की रेस में भी सिमरन ने ईरान की इसी एथलीट को पछाड़कर पोडियम में शीर्ष स्थान हासिल किया था. T12 वर्ग उन एथलीटों के लिए होता है जो मध्यम दृष्टिबाधित श्रेणी में आते हैं.
बाधाओं को पार कर शानदार वापसी
यह जीत सिमरन की कड़ी मेहनत, अटूट संकल्प और शानदार वापसी की प्रतीक है. 2024 पेरिस पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली इस भारतीय स्टार खिलाड़ी को हाल के दिनों में एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था. उनके पुराने गाइड उमर सैफी पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण बैन लग गया था. हालांकि, सिमरन ने इस बाधा को खुद पर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने अपने नए गाइड शिवम के साथ तालमेल बिठाया और कड़ी मेहनत के बल पर एक बार फिर से ट्रैक पर अपनी छाप छोड़ी.
रजत को नागोया में बदला गोल्ड में
अगर सिमरन के पिछले एशियाई पैरा खेलों के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो 2023 में हांग्जो में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में उन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर दोनों ही इवेंट में रजत पदक जीते थे. लेकिन इस बार नागोया में उन्होंने अपने रजत पदकों को न केवल स्वर्णिम चमक में बदला, बल्कि नया रिकॉर्ड बनाकर यह साबित कर दिया कि उनका असली लक्ष्य हमेशा नंबर वन बनना ही है.
About the Author

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

