Last Updated:
Ravan Dahan near me in Varanasi: वाराणसी में दशहरे पर बरेका, रामनगर और मलदहिया समेत कई स्थानों पर रावण दहन होगा. बरेका मैदान में 70 फीट ऊंचा रावण, 65 फीट का कुंभकर्ण और 60 फीट का मेघनाथ का पुतला तैयार किया गया है. रामनगर में 50 फीट और मलदहिया चौराहे पर 40 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा. बरेका में प्रवेश के लिए वैध पहचान पत्र या प्रवेश पास जरूरी होगा, जबकि रामनगर में आम लोगों के लिए प्रवेश की व्यवस्था है.
वाराणसी में इस बार कहीं 70 तो कहीं 50 फीट का रावण जलेगा. पूर्वांचल का सबसे बड़ा रावण भी वाराणसी में ही जलाया जाएगा. इसके लिए बनारस रेल इंजन कारखाने के ग्राउंड में रावण, मेघनाथ और कुम्भकर्ण के पुतले को खड़ा कर दिया गया है. यहां रावण का पुतला 70 फीट ऊंचा है. वहीं कुम्भकर्ण 65 फीट और मेघनाथ का पुतला 60 फीट ऊंचा है.
इस बार बीएलडब्लू मैदान में जलने वाला रावण 10 नहीं बल्कि 1 सिर वाला है. खास बात यह है की इस रावण को कागज नहीं बल्कि सिल्क के कपड़े के प्रयोग से कारीगरों ने डेढ़ महीने की कड़ी मेहनत के बाद बनाया है. बीएलडब्लू में मंगलवार को रावण दहन से पूर्व मोनो एक्टिंग रामलीला का आयोजन होगा. शाम 4 बजकर 30 मिनट से रात 8 बजे तक यह आयोजन चलेगा.
जिसमें रामलीला के मंचन के साथ रावण दहन और भव्य आतिशबाजी भी होगी. दोपहर 2 बजे से लोग ग्राउंड में जुटने लगेंगे. हालांकि, दर्शक पैदल ही मैदान तक पहुंच सकेंगे. बीएलडब्लू के जनसम्पर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया की सुरक्षा के लिहाज से बीएलडब्लू के सभी प्रवेश द्वार ककरमत्ता, मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट एवं कंदवा गेट दोपहर 2:00 बजे से रावण पुतला दहन तक बंद रहेंगे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस समय में रेल कर्मचारी अपने वैध पहचान पत्र तथा आम नागरिक रामलीला मंचन एवं रावण दहन का वैध प्रवेश पास दिखाकर ही बरेका परिसर में आवागमन कर सकेंगे. यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण, जनसुरक्षा के मद्देनजर किया गया है. बताते चलें कि विजयादशमी जैसे बड़े पर्व पर बरेका के रावण दहन को देखने के लिए भारी भीड़ इक्क्ठा होती है.
बीएलडब्लू के अलावा रामनगर के लंका मैदान में भी आज रावण के पुतले का दहन होगा. पुतला दहन से पहले इस ऐतिहासिक रामलीला में रावण का मृत्यु शैय्या पर शयन और श्री राम विजय की लीला का मंचन होगा. इसके बाद रावण दहन किया जाएगा फिर प्रभु की आरती के बाद मंगलवार की लीला समाप्त होगी. काशी नरेश अनंत नारायण सिंह के उपस्थिति में रावण दहन का यह कार्यक्रम होगा.
हजारों लोग रावण दहन के इस कार्यक्रम के लिए लंका मैदान में जुटेंगे. इस बार रामनगर में 50 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है. रात्रि करीब 9 बजे इसे जलाया जायेगा फिर रात 10 बजे प्रभु श्रीराम की आरती उतारी जाएगी. इस रावण दहन कार्यक्रम में आम लोग आसानी से जा सकते हैं. यहां VIP पास जैसी कोई व्यवस्था नहीं होती है.
इसके अलावा वाराणसी के मलदहिया चौराहे पर भी रावण दहन का आयोजन होता है. यहां सड़क पर 40 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा. मंगलवार दोपहर तक यहां रावण के पुतले को खड़ा कर दिया जायेगा. यहां भी रावण दहन के दौरान शानदार आतिशबाजी की जाती है. इसके पहले राम रावण युद्ध के लीला का मंचन भी होता है. शाम करीब साढ़े 6 बजे यहां रावण दहन होता है. रावण दहन से पूर्व इंग्लिशिया लाईन से मलदहिया चौराहे तक जाने वाले मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद होता है.
इसके अलावा भी वाराणसी में अलग अलग जगहों पर छोटे बड़े रावण का दहन किया जाता है. कहीं 15 तो कहीं 25 फीट तक के रावण को जलाया जाता है. गुरुधाम, भेलुपुर,जवाहर नगर, लंका सहित अन्य जगहों पर रावण दहन शाम 6 बजे से 7 बजकर 30 मिनट के बीच होगा.

