Last Updated:
Uttar Pradesh Power Supply: दशहरा, दीपावली और छठ पर्वों के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में 24 घंटे निर्बाध बिजली रहेगी. यूपीपीसीएल ने सभी डिस्कॉम क्षेत्रों में बिजली लाइनों के रखरखाव और ट्रिपिंग रोकने के स्पेशल निर्देश दिए हैं. पेड़ों की छंटाई और उपकरणों की जांच का काम तेजी से चल रहा है. पिछले कुछ दिनों में 22 हजार मेगावाट से अधिक की मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है.
त्योहारी सीजन में यूपी के सभी गांव-शहर को जगमग करने का आदेश, 24 घंटे बिजली सप्लाई के आदेश. (फाइल फोटो)
Uttar Pradesh Government Power Supply: उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में पड़ने वाले प्रमुख पर्वों जैसे कि दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान राज्य के किसी भी कोने में बिजली की आंख-मिचौली या कटौती न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उत्सव के दौरान में ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी चौराहों और महानगरों तक किसी भी प्रकार से अंधेरा न हो. उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने इसके लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं. पांचों डिस्कॉम क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के आदेश दिए गए हैं.
विद्युत लाइनों के रखरखाव, ट्रांसफॉर्मर की क्षमता सुधारने और किसी भी तरह की अनियोजित ट्रिपिंग को रोकने के लिए काफी सतर्कता बरती जा रही है. यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दशहरा के पावन अवसर पर जनपद मुख्यालयों, तहसीलों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाए. त्योहारों के दौरान किसी भी टेक्निकल फॉल्ट से निपटने के लिए बिजली विभाग की विशेष टीमें और इंजीनियर लगातार मैदान में तैनात रहेंगे.
मेंटेनेंस और पेड़ों की कटाई का विशेष अभियान
बिजली की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की रुकावट न आए, इसके लिए विद्युत लाइनों के आसपास या उनके संपर्क में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की समय पर छंटाई कराई जा रही है. पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और दक्षिणांचल समेत सभी डिस्कॉम क्षेत्रों में बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है. ट्रांसमिशन से लेकर डिस्ट्रीब्यूशन तक के सभी उपकरणों की गहन जांच की जा रही है ताकि फेस्टिव सीजन में जब बिजली की मांग अपने चरम पर हो, तो सिस्टम पूरी क्षमता के साथ काम कर सके और लोड बढ़ने पर भी ट्रिपिंग की समस्या न उत्पन्न हो.
मांग और आपूर्ति पर पैनी नजर
बिजली विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में बिजली की मांग और उसकी आपूर्ति के बीच बेहतरीन तालमेल बिठाया जा रहा है. हाल ही के दिनों में प्रदेशभर में लगभग 22,000 से 24,000 मेगावाट तक की रिकॉर्ड बिजली की मांग को पूरी तरह से सफलतापूर्वक पूरा किया गया है. विभाग के अधिकारी कंट्रोल रूम से 24 घंटे बिजली की मांग और उसकी सप्लाई पर बारीक नजर बनाए हुए हैं. सरकार की इस चाक-चौबंद व्यवस्था से इस बात की पूरी उम्मीद है कि इस बार का दीपोत्सव और छठ महापर्व उत्तर प्रदेश के हर एक नागरिक के लिए बिना किसी रुकावट के रोशन और मंगलमय साबित होगा.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …

