संवाददाता@संदीप अग्रहरी……
— भव्य प्रतिमा, आकर्षक लाइटिंग और शानदार सजावट बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र, व्रती महिलाओं के लिए समिति ने की प्रसाद की विशेष व्यवस्था

शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर म्योरपुर स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मां दुर्गा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम होते-होते पंडाल में भक्तों की भीड़ और बढ़ गई। मां के जयकारों और भक्तिमय माहौल से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति म्योरपुर की ओर से इस वर्ष भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं, आकर्षक लाइटिंग और शानदार सजावट ने पंडाल की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। दिन में महिलाओं और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली, जबकि शाम को परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

महाआरती में उमड़ा भक्तों का हुजूम:
पंडाल में पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक प्रवचन का भी आयोजन हुआ। पंडित जी के मुखारविंद से मां की महिमा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। महाआरती के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आरती और जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। समिति की ओर से व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए प्रसाद की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।

समिति के पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्था:
आयोजन को सफल बनाने में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रहे। इस दौरान समिति के अध्यक्ष अमित कुमार, कोषाध्यक्ष ओम अग्रहरि, महामंत्री पंकज सिंह, जितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष सुजीत अग्रहरि, रमाशंकर गुप्ता, सुनील कुमार, सतबीर सिंह, अभय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
