अयोध्या: श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में रामलला के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. अब श्रद्धालु 15 दिन के बजाय 90 दिन पहले से दर्शन की योजना बना सकेंगे. इसके साथ ही ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की संख्या भी बढ़ोत्तरी की गई है. अब 975 से बढ़ाकर 2,000 पास मिल पाएगा. ट्रस्ट का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधा देने के साथ ही दर्शन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि जी महाराज के निर्देश पर दर्शन पास की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ये निर्णय लिया गया है. ट्रस्ट के सीईओ, आईटी विभाग और अन्य प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श के बाद नई व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई है.
अब 90 दिन पहले से बना सकेंगे दर्शन का प्लान
नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु अब अधिकतम 90 दिन पहले से सुगम दर्शन पास के लिए बुकिंग कर सकेंगे. पहले यह सुविधा अधिकतम 15 दिन पहले तक ही उपलब्ध थी. इससे दूसरे राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से अयोध्या आने वाले रामभक्तों को विशेष सुविधा मिलेगी. श्रद्धालु पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाकर रेल टिकट, होटल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कर सकेंगे.
ट्रस्ट के अनुसार, पास एक साथ जारी करने के बजाय सात अग्रिम चरणों में उपलब्ध कराए जाएंगे. इनमें दर्शन से 90, 62, 30, 14, 7, 3 और 1 दिन पहले पास जारी करने की व्यवस्था शामिल है. इसके अतिरिक्त दर्शन वाले दिन तत्काल पास भी उपलब्ध होंगे. अलग-अलग चरणों में पास जारी होने से श्रद्धालुओं को अपनी सुविधा के अनुसार बुकिंग करने के अधिक अवसर मिलेंगे.
तकनीकी सत्यापन के बाद
ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास की बुकिंग में तकनीकी सत्यापन की नई व्यवस्था लागू की है. इसके तहत पहले बुकिंग करने के तुरंत बाद पास नहीं मिलेगा, बल्कि आवेदन का आवश्यक तकनीकी सत्यापन किया जाएगा और लगभग 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने से संबंधित निर्णय की सूचना दी जाएगी.
इस नए नियम का मकसद ऑनलाइन बुकिंग में संभावित गड़बड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है, ताकि वास्तविक श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिल सके. वहीं, दर्शन वाले दिन के तत्काल पास की पुष्टि तुरंत की जाएगी और उन पर अग्रिम बुकिंग वाली प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी.
पूरी तरह निःशुल्क है पास
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह निःशुल्क हैं. पास प्राप्त करने के लिए किसी व्यक्ति या एजेंट को पैसे देने की जरूरत नहीं है. ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रस्ट के द्वारा जारी वेबसाइट online.srjbtkshetra.org के माध्यम से ही पास की बुकिंग करें. यदि कोई व्यक्ति सुगम दर्शन पास के लिए शुल्क मांगता है या पैसे लेकर पास दिलाने का दावा करता है, तो इसकी शिकायत ट्रस्ट को की जा सकती है. इसके लिए ट्रस्ट ने मोबाइल नंबर और ईमेल जारी किए गए हैं.
सरल, सुरक्षित और पारदर्शी दर्शन व्यवस्था
ट्रस्ट के मुताबिक, ऑनलाइन पास की संख्या बढ़ाने का निर्णय प्रभावी कर दिया गया है. वहीं, नई सत्यापन प्रणाली और अन्य तकनीकी सुधारों को सॉफ्टवेयर में आवश्यक बदलाव और परीक्षण के बाद सही तरीके से लागू किया जाएगा. ट्रस्ट का कहना है कि इन बदलावों का मकसद रामभक्तों को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना अनावश्यक परेशानी के सम्मानपूर्वक श्रीरामलला के दर्शन कर सकें.

