Last Updated:
Shraddha Dubey New Video: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में 25 हजार की इनामी आरोपी श्रद्धा दुबे का नेपाल सीमा के अंदर का नया सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. 10 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे के इस वीडियो में श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और साथियों के साथ ई-रिक्शा पर बैठी दिखाई दे रही है. पुलिस को चकमा देकर नेपाल भाग चुकी श्रद्धा ने वीडियो जारी कर इसे आत्महत्या बताया है, जबकि मृतक के परिवार ने गंभीर ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए हैं. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
नेपाल में दिखी श्रद्धा.
Shraddha Dubey New Video in Nepal: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का एक वीडियो वायरल हो रहा है. पुलिस और एसटीएफ को चकमा देकर वह नेपाल फरार हो गई है. श्रद्धा दुबे का नेपाल सीमा के अंदर का एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. यह वीडियो 10 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे का बताया जा रहा है, जिसमें श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि और दो अन्य साथियों के साथ नेपाल के एक इलाके में ई-रिक्शा पर बैठी हुई साफ नजर आ रही है. इस पुख्ता सुराग के सामने आने के बाद जांच एजेंसियों की नींद उड़ गई है.
गौरतलब है कि लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 9 अक्टूबर को करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से ही मृतका की लिव-इन पार्टनर कही जा रही श्रद्धा दुबे और उसकी बहन समेत अन्य आरोपी फरार चल रहे थे. पुलिस की तफ्तीश के दौरान भारत-नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा में एक पार्किंग के भीतर श्रद्धा की एसयूवी (स्कॉर्पियो) कार लावारिस हालत में बरामद हुई थी. अनुमान लगाया जा रहा था कि कार छोड़कर ये लोग पैदल ही बार्डर पार कर नेपाल में दाखिल हो गए थे, जिसकी पुष्टि अब इस ताजा सीसीटीवी वीडियो से हो गई है.
वीडियो जारी कर श्रद्धा बोली- ‘यह हत्या नहीं, आत्महत्या थी’
पुलिस की पकड़ से दूर बैठी आरोपी श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर अपने बचाव में कई वीडियो संदेश जारी किए हैं. वीडियो में वह दावा कर रही है कि शिवा शर्मा की कोई हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने अपनी आंखों से उसे नीचे छलांग लगाते देखा था. श्रद्धा का कहना है कि शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का भारी कर्ज था और वह पिछले कुछ समय से भयंकर डिप्रेशन व तनाव में चल रहा था. इसके साथ ही उसने यह भी गुहार लगाई है कि उसका नाम बेवजह किसी बड़े राजनेता या अधिकारी के साथ न जोड़ा जाए और वह पुलिस के सामने आकर अपना पक्ष रखना चाहती है.
परिवार के गंभीर आरोप और पुलिस जांच तेज
दूसरी ओर, मृतक शिवा शर्मा के परिजनों ने श्रद्धा दुबे और उसकी बहन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सुनियोजित साजिश और ब्लैकमेलिंग का मामला बताया है. परिवार का आरोप है कि श्रद्धा रसूखदार लोगों को अपने जाल में फसाकर पैसे वसूलती थी. नेपाल के महीम नगर और बस स्टेशन के पास से सामने आए इस ई-रिक्शा वाले वीडियो के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां और उत्तर प्रदेश पुलिस नेपाल प्रशासन के साथ मिलकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए अपने जाल को और अधिक मजबूत कर रही हैं.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …

