Last Updated:
सिंगर सोनू निगम के कॉन्सर्ट को लेकर कन्नड़ ग्रुप्स ने आपत्ति जताई है. ‘कर्नाटक रक्षण वेदिके’ ग्रुप ने बेंगलुरु पुलिस को पत्र लिखकर सोनू निगम का कॉन्सर्ट रद्द करने की मांग की. सिंगर के साथ विवाद तब शुरू हुआ था, जब उन्होंने कन्नड़ भाषा में गाने की डिमांड को पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ दिया, जिससे कन्नड़ समुदायों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी.
सोनू निगम के कॉन्सर्ट पर विवाद. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: सोनू निगम का बैंगलुरु के मॉल में कॉन्सर्ट होना है, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल, कन्नड़ समुदाय ने सिंगर के कॉन्सर्ट पर आपत्ति जताई है. कर्नाटक रक्षण वेदिके (KRV) ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर से अपील की है कि वे 24 अक्टूबर को शाम 7 बजे बेंगलुरु के भारतीय मॉल में होने वाले गायक सोनू निगम के कॉन्सर्ट को मंजूरी न दें.
कर्नाटक रक्षण वेदिके ने निगम पर आरोप लगाया है कि उन्होंने कन्नड़ लोगों के भाषाई मान की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से करके उनका अपमान किया है. यह विवाद अप्रैल 2025 का है, जब बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज में एक म्यूजिकल इवेंट में एक छात्र के कन्नड़ गाना गाने के अनुरोध के जवाब में गायक ने कथित तौर पर कहा था- ‘कन्नड़, कन्नड़, कन्नड़, इसीलिए पहलगाम में वह घटना हुई थी.’
कन्नड़ भाषा में गाने को लेकर विवाद
संगठन ने अपनी शिकायत में कहा कि कन्नड़ गाना गाने के लिए कहना कोई अपराध नहीं है और आरोप लगाया कि कन्नड़ लोगों की भाषा से जुड़ी भावनाओं को आतंकी हमले से जोड़ना गैर-जिम्मेदाराना और उनके आत्म-सम्मान का अपमान है. इसने सवाल उठाया कि क्या कन्नड़ के प्रति प्यार जताना या उस भाषा में गाने की अपील करना आतंकवाद के बराबर हो सकता है.
जनता का बढ़ सकता है गुस्सा
कर्नाटक रक्षण वेदिके ने बताया कि उसकी बेंगलुरु इकाई के प्रेसीडेंट धर्मराज टीए ने 2 मई 2025 को अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में गायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने कमेंट पर कानूनी रिएक्शन की मांग की थी. संगठन ने कहा कि इस विवाद से कन्नड़ लोगों में काफी नाराजगी है और पुलिस से पुरानी शिकायत की स्थिति की जांच करने की अपील की. उन्होंने चेतावनी देते हुए कि कॉन्सर्ट की अनुमति देने से जनता का गुस्सा बढ़ सकता है और विरोध-प्रदर्शन हो सकते हैं, संगठन ने मांग की है कि पुलिस अनुमति न दे या अगर पहले ही दे दी गई है तो उसे रद्द कर दे.
पुलिस से मांगा लिखित जवाब
संगठन ने चेतावनी दी कि अगर कॉन्सर्ट को आगे बढ़ने दिया गया तो वह पूरे कर्नाटक में विरोध-प्रदर्शन करेगा और इस फैसले से पैदा होने वाली किसी भी स्थिति के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराएगा. संगठन ने अपनी शिकायत पर फैसले और एक्शन के बारे में पुलिस से लिखित जवाब मांगा है.
About the Author

अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…

