मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘हमारी कीर्ति अभियान’ के तहत आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषी मिश्रा अपनी टीम के साथ वन स्टॉप सेंटर स्थित दत्तक ग्रहण इकाई पहुंचीं। यहां उन्होंने आवासित बच्चियों कीर्ति और गौरी से मुलाकात कर उन्हें उपहार भेंट किए और प्यार-दुलार के साथ स्नेह जताया। बच्चियों से मिलकर आरुषी मिश्रा भावुक हो गईं और उनके सुखद भविष्य की कामना की।

इस दौरान आरुषी मिश्रा ने जनपदवासियों से अपील की कि वे ‘हमारी कीर्ति अभियान’ से जुड़कर बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि लोग अपनी सामर्थ्य और इच्छानुसार बच्चियों को उपहार देकर उनके प्रति अपनत्व व्यक्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को प्यार, सुरक्षा और परिवार का स्नेह पाने का अधिकार है। एक सुरक्षित और स्नेहिल पारिवारिक वातावरण बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कीर्ति और गौरी को परिवार का अपनापन और संरक्षण दिलाने के उद्देश्य से नियमानुसार दत्तक ग्रहण प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

आरुषी मिश्रा ने कहा कि बच्चियों को स्नेहपूर्ण वातावरण और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने के लिए समाज के लोगों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में सहयोग करने और बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने में सहभागी बनने की अपील की।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुख्यालय आकांक्षा गौतम, प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती, दत्तक ग्रहण इकाई की अधीक्षिका पुष्पांजली, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक दीपिका सिंह, आकांक्षा समिति की सदस्य नीरा जलान, स्नेहील अग्रवाल, त्रिशाला त्रिपाठी और अनिता थरद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।