अमरपाल मौर्य का अखिलेश यादव को खुला पत्र, बोले- सत्ता परिवार को और संघर्ष कार्यकर्ताओं का क्यों?
बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को खुला पत्र लिखकर परिवारवाद पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सपा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन पार्टी को दिया, उनमें से कितने सांसद और विधायक बने? अमरपाल मौर्य ने अखिलेश से पत्र का जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी में स्थानीय यादव नेताओं के बजाय परिवार के लोगों को आगे बढ़ने के ज्यादा मौके मिले.
मिर्जापुर: श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पलटी, 10 लोग घायल
मिर्जापुर में मिर्जापुर-औराई मार्ग पर शेख डडिया के पास श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पलट गई. हादसे में 10 श्रद्धालु घायल हो गए. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज कराया गया. बताया जा रहा है कि श्रद्धालु वाराणसी से मां विंध्यवासिनी धाम दर्शन करने जा रहे थे. हादसा चील्ह थाना क्षेत्र में हुआ.
सोनभद्र: जंगल में मिला महिला का शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका
सोनभद्र के शाहगंज थाना क्षेत्र में 46 वर्षीय अमरावती कोल की हत्या से सनसनी फैल गई. महिला का शव राजपुर गांव के पास महुअरिया जंगल में मिला. बताया जा रहा है कि अमरावती अपने पति मुन्ना कोल के साथ जंगल गई थीं. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
कानपुर देहात: ढाई सौ रुपये के विवाद में निकाला तमंचा, मारपीट का वीडियो वायरल
कानपुर देहात के रनिया थाना क्षेत्र में ढाई सौ रुपये मांगने को लेकर दो युवकों के बीच सड़क पर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर एक युवक ने कमर में लगा तमंचा निकाल लिया. तमंचा देखकर दूसरा युवक भी पीछे हटने के बजाय मारपीट में भिड़ गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचा रखने वाले युवक को पकड़ लिया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. मामूली विवाद में तमंचा निकलने की घटना से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
वाराणसी: कलेक्ट्रेट में करणी सेना और पुलिस के बीच धक्कामुक्की, कार्यकर्ता हिरासत में
वाराणसी के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई. कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया और पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. प्रदर्शनकारियों की मांगों में यूजीसी नियमों को वापस लेने, सवर्ण आयोग के गठन, आर्थिक आधार पर आरक्षण, एससी-एसटी प्रावधानों की समीक्षा, ईडब्ल्यूएस में सरलीकरण और इतिहास संरक्षण जैसे मुद्दे शामिल थे. एडीसीपी लिपि नागाइच ने बताया कि बिना अनुमति के सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए थे, इसलिए उन्हें रोका गया.
कानपुर: चांदी प्रोसेसिंग कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी, कीमत 45 लाख रुपये
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के पोखरपुर में सोमवार तड़के चांदी प्रोसेसिंग कारखाने में चोरी की वारदात हुई. एक चोर कारखाने में घुसकर करीब 18 किलो चांदी लेकर फरार हो गया. चोरी गई चांदी की बाजार कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलने पर एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह और एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
आगरा: ताजमहल घूमने आई महिला पर्यटक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
आगरा में ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास एक महिला पर्यटक की मौत हो गई. मृतका की पहचान झारखंड से परिवार के साथ ताजमहल घूमने आई अस्मानिया बीबी के रूप में बताई गई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा.
अमेठी: घूंघट वाली लुटेरी गैंग का खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार
अमेठी में मोहनगंज कोतवाली पुलिस ने कथित घूंघट वाली लुटेरी गैंग का खुलासा करते हुए तीन अंतरजनपदीय महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, इन महिलाओं ने तिलोई में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान लूट की वारदात को अंजाम दिया था. आरोपियों की पहचान में यक्ष ऐप की मदद ली गई. पुलिस ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
आगरा: पत्थरों के ढेर पर मिला ट्रैक्टर चालक का शव, हत्या की आशंका
आगरा में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय ट्रैक्टर चालक विजय सिंह का शव मिलने से सनसनी फैल गई. उनका शव पत्थरों के ढेर पर पड़ा मिला और शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. घटनास्थल से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने परिचालक शेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
कासगंज: शादी से पहले दूल्हे की करंट लगने से मौत, घर में मचा कोहराम
कासगंज के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुर गांव में शादी से कुछ दिन पहले युवक की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान आजाद के रूप में हुई है. उसकी बारात 20 अक्टूबर को बदायूं जानी थी और बदायूं के साड़ी गांव की ज्योति से उसका रिश्ता तय हुआ था. बताया जा रहा है कि नहाते समय आजाद बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में घटना के बाद मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पीलीभीत: पेट्रोल भरवाकर बिना पैसे दिए फरार हुआ युवक, वीडियो वायरल
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित ढिल्लो पेट्रोल पंप पर एक युवक के पेट्रोल भरवाकर फरार होने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि युवक गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के बाद बिना भुगतान किए वहां से निकल गया. पेट्रोल पंप मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, गाड़ी उत्तर प्रदेश नंबर की बताई जा रही है.
कानपुर: नहर में बहता मिला नवजात शिशु, इलाके में मचा हड़कंप
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के शांतिनगर में नहर में एक नवजात शिशु बहता दिखाई देने से हड़कंप मच गया. राहगीरों की नजर नहर में बहते शिशु पर पड़ी, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई. घटना इंडस्ट्रियल एरिया चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. नवजात की स्थिति और उसे नहर में किसने फेंका या वह वहां कैसे पहुंचा, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है.
मेरठ: पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल, गिरफ्तार
मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर अपराधों में संलिप्त एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, मवाना खुर्द अंडरपास पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान मवाना की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मेरठ-बिजनौर हाईवे की सर्विस रोड से भैंसा टोल की ओर भागने लगा. पुलिस ने पीछा किया तो निलोहा मार्ग पर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई. इसके बाद हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया. उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
ललितपुर में छात्र की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
ललितपुर में बी फार्मा छात्र भूपेंद्र हत्याकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी करण कुशवाहा गिरफ्तार. पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती. भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में हुआ घायल. आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद. चौकाबाग में चाकू से गोदकर हुई थी भूपेंद्र की हत्या, तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल.
बलिया में गोवंशों से भरा कंटेनर बरामद, चालक फरार
बलिया के नरही थाना क्षेत्र के उजियार घाट में कोरंटाडीह पुलिस चौकी और भरौली के बीच गड्ढे में गोवंशों से भरा कंटेनर फंस गया. ग्रामीणों को आता देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. कंटेनर खोलने पर अंदर करीब दो दर्जन बैल मिले. सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोवंशों को सुरक्षित गौशाला भिजवा दिया.
आगरा में आज RLD की स्वाभिमान सभा, जयंत चौधरी करेंगे संबोधित
आगरा के फतेहपुर सीकरी स्थित गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में आज राष्ट्रीय लोकदल की स्वाभिमान सभा का आयोजन होगा. सभा को RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी संबोधित करेंगे. दोपहर एक बजे से प्रस्तावित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. सभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियां की गई हैं.
शाहजहांपुर में अश्लील हरकत करने वाला युवक गिरफ्तार, एंटी रोमियो टीम ने बिछाया जाल
शाहजहांपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं और छात्राओं से अश्लील हरकत करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, सुनील नाम का युवक स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों और राहगीर महिलाओं को परेशान करता था. उसे पकड़ने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया था. इसी दौरान आरोपी ने एक महिला पुलिसकर्मी के साथ अश्लील हरकत की, जिसके बाद आसपास मौजूद टीम ने उसे पकड़ लिया. कार्रवाई सदर बाजार थाना क्षेत्र में की गई.
कानपुर में एक व्यक्ति के दो पासपोर्ट का मामला, मिडिल ईस्ट की 24 से ज्यादा यात्राओं की जांच
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कथित तौर पर दो पासपोर्ट के जरिए मिडिल ईस्ट के देशों की दो दर्जन से ज्यादा यात्राएं करने के मामले में हाफिजुर रहमान को पकड़ा है. जांच में रहमान, हाफिज और अब्दुल हमीद नामों से पासपोर्ट इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है. डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव के निर्देश पर बेकनगंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच जांच कर रही है. पुलिस आरोपी की निशानदेही पर पासपोर्ट बनवाने में मदद करने वालों की तलाश के साथ उसके विदेश कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है.
गाजियाबाद में फ्लाईओवर पर दो पिकअप की टक्कर, केबिन में फंसे दो लोगों को बचाया
गाजियाबाद में दिल्ली-हापुड़ हाईवे पर मसूरी थाने के सामने फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से दूसरे पिकअप ने टक्कर मार दी. हादसे में दूसरे वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में सुनील कुमार व जोगेंद्र सिंह फंस गए. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने हाइड्रोलिक कटर और स्प्रेडर की मदद से दोनों को बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया. हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है.
कानपुर में 8.57 करोड़ की GST चोरी का आरोप, याशमीन ट्रेडर्स पर मुकदमा
कानपुर में राज्य कर विभाग की जांच में याशमीन ट्रेडर्स पर 8.57 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का आरोप सामने आया है. आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लेकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया. फर्म ने सीमेंट और एल्युमिनियम स्क्रैप के कारोबार के नाम पर जीएसटी पंजीकरण कराया था, लेकिन जांच के दौरान मौके पर दुकान बंद मिली. करीब चार महीने पहले दुकान खाली किए जाने की बात भी सामने आई है. सहायक आयुक्त आनंद कुमार सिंह की शिकायत पर नौबस्ता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कासगंज में रोटावेटर से कुचलकर युवक की हत्या का आरोप, दो नामजद
कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के मौजा गढ़ी में ट्रैक्टर के रोटावेटर से कुचलकर अजीत सिंह की हत्या किए जाने का आरोप लगा है. परिजनों के मुताबिक, मृतक का पिंकू और रिंकू पर करीब ढाई लाख रुपये बकाया था. आरोप है कि खेत जोतने के बहाने अजीत को बुलाया गया और फिर रोटावेटर से कुचल दिया गया. पिता की तहरीर पर दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.
मेरठ में मोबाइल लूट का आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे फोन पर बात कर रहे युवक से मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. बाइक सवार बदमाशों ने युवक के हाथ से मोबाइल छीना था. घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
औरैया में बाइक के अंदर घुसा कोबरा, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया
औरैया जिले के बेला क्षेत्र के बर्रु कुलासर गांव में एक बाइक के अंदर कोबरा सांप घुसने से हड़कंप मच गया. सांप को देखकर लोग घबरा गए. सूचना के बाद उसे निकालने के लिए रेस्क्यू किया गया. काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया.
नैमिषारण्य में मां ललिता देवी मंदिर के दुकानदारों ने बंद की दुकानें, बैरिकेडिंग का विरोध
सीतापुर के नैमिषारण्य स्थित शक्तिपीठ मां ललिता देवी मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग के विरोध में प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं. दुकानदारों का कहना है कि बैरिकेडिंग के कारण उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. दुकानें बंद होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद खरीदने में भी परेशानी हो रही है. दुकानदारों ने प्रशासन से बैरिकेडिंग हटाने की मांग की है.
औरैया में आवारा मवेशी के हमले से बचने के लिए तालाब में कूदा युवक, मौत
औरैया जिले के बेला क्षेत्र में आवारा मवेशी के हमले से बचने के लिए तालाब में कूदे एक युवक की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है. घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
सीतापुर में युवती का बाइक पर स्टंट करते वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
सीतापुर में एक युवती का बाइक पर स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वायरल वीडियो में युवती वीआईपी रोड पर बाइक चलाते समय हाथ छोड़कर स्टंट करती दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि युवती ने पंजाबी गाने के साथ इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर सकती है.
बागपत में गन्ने के खेत में मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
बागपत के दोघट थाना क्षेत्र के इदरीशपुर गांव में गन्ने के खेत में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया. घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी साइकिल भी पड़ी मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है.
बहराइच में प्लास्टिक की बोरी में मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका
बहराइच के मटेरा थाना क्षेत्र में नहर किनारे प्लास्टिक की बोरी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त की कोशिश शुरू की. शुरुआती आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया होगा. हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
लखनऊ में सिपाही ने CPR देकर बचाई बुजुर्ग की जान, अचानक बिगड़ी थी तबीयत
लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में सिपाही संदीप यादव ने सीपीआर देकर एक बुजुर्ग की जान बचाने में मदद की. रहीमनगर चौकी पर तैनात संदीप यादव के मुताबिक, 65 वर्षीय अनिल सब्जी लेने आए थे, तभी उनके सीने में दर्द हुआ और सांस लेने में परेशानी के बाद वह जमीन पर गिर पड़े. स्थिति की गंभीरता देखते हुए सिपाही ने तत्काल सीपीआर दिया. हालत में सुधार होने पर बुजुर्ग को उनके बेटे के सुपुर्द कर दिया गया.
देवरिया में अवैध असलहा फैक्ट्री का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
देवरिया में रुद्रपुर पुलिस और एसओजी टीम ने अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आदित्य और सोहन को कथित तौर पर तमंचे बनाते समय पकड़ा गया. मौके से तीन तमंचे, कई कारतूस और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर गोरखपुर जिले में असलहा सप्लाई से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं. दोनों पर पूर्वांचल के कई जिलों में अवैध हथियारों की आपूर्ति करने का आरोप है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कानपुर में हुक्का बार पर पुलिस का छापा, 18 हुक्के समेत भारी सामान बरामद
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित एस्केप कैफे लाउंज में हुक्का बार के खिलाफ छापेमारी की. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देश पर हुई कार्रवाई में डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी सेंट्रल और स्वाट टीम शामिल रही. छापेमारी के दौरान मौके से 18 हुक्के, हीटर, फ्लेवर्ड तंबाकू, सिगरेट और कनेक्टिंग पाइप समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुछ युवक-युवतियां पीछे के गेट से भाग निकले, जबकि प्रबंधक और बाउंसर समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
करोड़ों की GST चोरी मामले में ED की जांच तेज, पूर्व बसपा विधायक के करीबी से पूछताछ
करोड़ों रुपये की कथित जीएसटी चोरी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व बसपा विधायक शाहनवाज राणा के करीबी से पूछताछ की है. बताया जा रहा है कि एजेंसी इस मामले में शाहनवाज राणा को पहले भी दो बार समन भेज चुकी है. मुजफ्फरनगर के एक इंटर कॉलेज के मालिक से शाहनवाज से जुड़ी कंपनियों के साथ कथित लेनदेन को लेकर सवाल किए गए हैं. अगस्त में ईडी ने शाहनवाज राणा और उनसे जुड़े लोगों के मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और हरियाणा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी. जांच का संबंध उनके और उनके बेटे से जुड़ी कंपनियों पर इनपुट टैक्स क्रेडिट के जरिए कथित कर चोरी के आरोपों से है.
मेरठ में ट्रक की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत, चालक की तलाश
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के दबथुआ इलाके में सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक ट्रक की चपेट में आ गए थे. हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया. घटना की सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
लखनऊ में जमीन विवाद में तीन सगे भाइयों पर हमला, वीडियो वायरल
लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र के जगपाल खेड़ा में जमीन विवाद को लेकर तीन सगे भाइयों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष के मुताबिक, करीब 60 लोग गेट और बाउंड्री गिराने पहुंचे थे. विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और शिवम यादव, सतीश तथा मोनू पर हमला किया गया. तीनों गंभीर रूप से घायल हैं और निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. पीड़ित पक्ष ने अपने ताऊ के बेटे विनोद यादव पर हमला करवाने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. रविवार को हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. जमीन को लेकर मामला अदालत में भी विचाराधीन है.
इटावा में CID अधिकारी बन नौकरी दिलाने का झांसा देने वाला गिरफ्तार
इटावा में सीआईडी अधिकारी बनकर नौकरी दिलाने का झांसा देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. सैफई पुलिस ने आरोपी को पकड़ा है. आरोप है कि वह पीजीआई सैफई और इटावा के मोतीझील में नौकरी दिलाने का वादा करके लोगों को अपने जाल में फंसाता था. पुलिस ने आरोपी के पास से आयुष्मान कार्ड, 2 लाख 72 हजार रुपये, पांच मोबाइल फोन और सोने जैसी धातु की चेन व अंगूठियां बरामद की हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
