Last Updated:
Pro Wrestling league starts on 9th January 2027: प्रो कुश्ती लीग का छठा एडिशन अगले साल 9 से 26 जनवरी तक नई दिल्ली के केडी सिंह जाधव कुश्ती एरिना में खेला जाएगा. भारतीय कुश्ती महासंघ के तहत होने वाली इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता में 34 ओलंपियन सहित 86 शीर्ष पहलवान मैट पर उतरेंगे. रोमांच बढ़ाने के लिए मैचों का फॉर्मेट 2×3 मिनट का होगा और ‘पावर मिनट’ नियम लागू रहेगा.
पीडब्ल्यूएल का छठा एडिशन जनवरी में शुरू होगा.
नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती प्रेमियों के लिए एक बेहद रोमांचक खबर सामने आई है. लंबे इंतजार के बाद प्रो कुश्ती लीग का छठा एडिशन नए उत्साह और भव्य तैयारी के साथ वापसी करने जा रहा है. भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित लीग का अगला सत्र अगले साल नौ से 26 जनवरी तक नई दिल्ली के केडी सिंह जाधव कुश्ती एरिना में खेला जाएगा.
इस बार की लीग में कुल छह मजबूत फ्रेंचाइजी टीमें अपनी किस्मत आजमाएंगी. आयोजकों द्वारा घोषित की गई इन टीमों में टाइगर्स आफ मुंबई दंगल्स, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वारियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डोमिनेटर्स शामिल हैं. लीग के चेयरमैन डी. फारूकी ने इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य हर सत्र में इस लीग को अलग-अलग फ्रेंचाइजी शहरों तक ले जाना और विश्व स्तरीय कुश्ती को देश के कोने-कोने के दर्शकों के और अधिक करीब लाना है, ताकि खेल को जमीनी स्तर पर और अधिक लोकप्रियता मिल सके.
86 शीर्ष पहलवान और नौ ओलंपिक भार वर्ग होंगे शामिल
छठे सत्र के मुकाबलों की रूपरेखा और इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो मैट पर कुल 86 शीर्ष पहलवान अपना दमखम दिखाते नजर आएंगे. खास बात यह है कि इन 86 खिलाड़ियों में 34 ओलंपियन के साथ-साथ राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के कई पदक विजेता भी शामिल होंगे. इसके अलावा जापान की विश्व प्रसिद्ध ओलंपिक चैंपियन युई सुसाकी भी इस लीग का हिस्सा होंगी, जिनके साथ देश-विदेश के कई जाने-माने पहलवान मैट पर उतरेंगे. यह पूरी प्रतियोगिता कुल नौ ओलंपिक भार वर्गों के तहत खेली जाएगी. पुरुषों के मुकाबले 57, 65, 74, 86 और 125 किलोग्राम भार वर्ग में होंगे, जबकि महिलाओं के रोमांचक मुकाबले 53, 57, 62 और 76 किलोग्राम भार वर्ग में आयोजित किए जाएंगे. इन सभी भार वर्गों में पुरुष वर्ग की पांच और महिला वर्ग की चार ओलंपिक भारवर्ग स्पर्धाएं शामिल रहेंगी.
रोमांच बढ़ाने के लिए नया प्रारूप और ‘पावर मिनट’ नियम
दर्शकों के रोमांच को दोगुना करने के लिए इस बार मुकाबलों के प्रारूप में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है. टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखने वाले दर्शकों के लिए मैचों का फॉर्मेट अब पहले की तरह दो-दो मिनट का नहीं, बल्कि तीन-तीन मिनट के दो राउंड यानी कुल 2×3 मिनट का होगा. इसके साथ ही लीग में दर्शकों का पसंदीदा ‘पावर मिनट’ नियम भी पूरी तरह से जारी रहेगा. इस अनूठे नियम के तहत मुकाबले के बिल्कुल अंतिम 60 सेकंड में खिलाड़ियों द्वारा हासिल किए गए अंक सीधे तौर पर दोगुने माने जाएंगे. इस नियम के जुड़ने से मुकाबलों के आखिरी क्षणों में हार-जीत का पासा पलटने की संभावना और बढ़ जाएगी, जिससे खेल प्रेमियों को सांस रोक देने वाला रोमांच देखने को मिलेगा.
एशियाई खेल 2026 के पदकवीर पहलवान सम्मानित
शुक्रवार को हुए इस घोषणा कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण एशियाई खेल 2026 में पदक जीतने वाले धुरंधर भारतीय पहलवानों का सम्मान समारोह भी रहा. सम्मान पाने वाले दिग्गजों में पुरुषों के 65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले सुजीत कलकल, 57 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण अपने नाम करने वाले अमन सहरावत के अलावा अंतिम पंघाल, नीतेश सिवाच, दीपक पूनिया और सुनील कुमार शामिल रहे. इन सभी खिलाड़ियों की उपस्थिति ने इस पूरे आयोजन में चार चांद लगा दिए.
About the Author

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ें
