Last Updated:
मोना सिंह ने अपने करियर में सिर्फ एक जैसे किरदारों पर भरोसा नहीं किया, बल्कि हर बार अपने अभिनय का नया रंग दिखाया है. ‘जस्सी’ बनकर घर-घर में मशहूर हुईं मोना ने कभी मजेदार मां, कभी डॉक्टर तो कभी सख्त पुलिस ऑफिसर बनकर दर्शकों का दिल जीता. उनके जन्मदिन के खास मौके पर नजर डालिए उनके उन यादगार किरदारों पर, जिनमें उनकी शानदार वर्सेटिलिटी साफ देखने को मिलती है.
नई दिल्ली. ‘जस्सी’ बनकर घर-घर में पहचान बनाने वाली मोना सिंह ने अपने करियर में कई अलग-अलग किरदार निभाए हैं. कभी उन्होंने दर्शकों को हंसाया, कभी इमोशनल किया और कभी अपने दमदार अंदाज से चौंकाया. उनके जन्मदिन पर देखिए उनके कुछ सबसे यादगार किरदार.
चश्मा, ब्रेसेस और सिंपल लुक वाली जस्सी को भला कौन भूल सकता है. मोना सिंह ने जसमीत वालिया के इस किरदार को इतना शानदार तरीके से निभाया कि वह उनकी पहचान ही बन गया. स्मार्ट, आत्मविश्वासी और अपने सपनों को पूरा करने वाली जस्सी ने दर्शकों का दिल जीत लिया.
आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में मोना सिंह ने लाल सिंह की मां गुरप्रीत कौर चड्ढा का किरदार निभाया. एक मां के प्यार, हिम्मत और अपने बच्चे के लिए हर मुश्किल से लड़ने वाले जज्बे को उन्होंने बहुत सहज अंदाज में पर्दे पर उतारा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके अलावा फिल्म ‘मुंज्या’ में उन्होंने पम्मी का किरदार निभाया था. ‘मुंज्या’ में मोना सिंह पम्मी के रोल में नजर आईं. एक बिंदास, मजेदार और जिंदादिल मां के किरदार में उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से खूब एंटरटेन किया. खास बात यह रही कि हंसी-मजाक के साथ उन्होंने किरदार का इमोशनल पहलू भी बनाए रखा.
फिल्म ‘मेड इन हेवन सीजन 2’ में मोना ने बुलबुल जौहरी का किरदार निभाया. खुलकर अपनी बात रखने वाली, एक्सट्रोवर्ट और मजबूत बुलबुल के रोल में मोना की एनर्जी देखने लायक थी. इस किरदार ने उनके ग्लैमरस और कॉन्फिडेंट अंदाज को भी सामने रखा.
‘काला पानी’ में मोना सिंह ने डॉ. सौदामिनी सिंह का किरदार निभाया. चीफ मेडिकल ऑफिसर के रोल में वह काफी गंभीर और मजबूत नजर आईं. मुश्किल हालात में भी अपने फैसलों पर कायम रहने वाली सौदामिनी के किरदार में मोना ने अपनी एक्टिंग का एक अलग रंग दिखाया.
‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में मोना सिंह नीता सिंह के किरदार में नजर आईं. शांत और समझदार मां के इस किरदार से जुड़ा एक बड़ा खुलासा कहानी को पूरी तरह बदल देता है. अजय तलवार और आसमान से जुड़े इस राज को सामने लाने वाले सीन में मोना ने इमोशनल गहराई दिखाई.
‘बॉर्डर 2’ में मोना सिंह ने फतेह सिंह कलेर की पत्नी सिमी कलेर का किरदार निभाया. युद्ध के बीच घर पर अपने पति का इंतजार करने वाली सिमी के जरिए फिल्म में परिवार की भावनात्मक कहानी भी सामने आती है. मोना ने डर, चिंता और हिम्मत के इस मेल को बखूबी पर्दे पर उतारा.

