संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी मीरा देवी उर्फ गुड़िया की करीब 38.83 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कराई है। कार्रवाई के बाद आरोपी की संबंधित संपत्तियों को बेचने, हस्तांतरित करने अथवा उनका उपयोग करने पर रोक लग गई है।
पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत आरोपी के मकान, दो बैंक खातों, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर को फ्रीज किया गया है। फ्रीज की गई संपत्ति में करीब 29.14 लाख रुपये का मकान, बैंक खातों में 5.04 लाख रुपये, लगभग 40 हजार रुपये की मोटरसाइकिल और करीब 4.25 लाख रुपये का ट्रैक्टर शामिल है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मीरा देवी उर्फ गुड़िया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित अथवा उससे संबंधित संपत्तियों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ उससे जुड़ी संपत्तियों पर भी कानूनी शिकंजा कसना है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में म्योरपुर पुलिस की कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
