लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले हफ्ते भारी बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त रहा और कई जिलों में स्कूलों तक को बंद करना पड़ा था. अब मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. लगातार हो रही झमाझम बारिश के बाद अब प्रदेशवासियों को जलभराव और सीलन से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 29 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर लगभग थम जाएगा और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में बना डिप्रेशन अगले 12 से 24 घंटों में गहरे डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान की शुरुआती श्रेणी में पहुंच सकता है. हालांकि, यह चक्रवाती सिस्टम म्यांमार और बांग्लादेश के तटों के समानांतर आगे बढ़ रहा है. भारत के मैदानी इलाकों, विशेषकर उत्तर प्रदेश में इसका कोई सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा और इसका दायरा केवल ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी तक सीमित रहेगा.
इन जिलों में पूरी तरह शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग द्वारा जारी नक्शे के मुताबिक, 29 सितंबर को मध्य यूपी, पूर्वांचल और बुंदेलखंड के अधिकांश जनपदों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा. राजधानी लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बाराबंकी, फतेहपुर, कौशंबी और प्रयागराज में बारिश की संभावना नहीं है. इसके अलावा वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र के साथ-साथ बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा और चित्रकूट में भी मौसम पूरी तरह खुला रहेगा.
तराई और पश्चिमी यूपी में हल्की फुहारों के आसार
विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई से सटे कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा में कुछ स्थानों (Scattered Places) पर हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है. वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, कानपुर देहात, संभल, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश व गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
30 सितंबर से मानसून की विदाई की तैयारी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 सितंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 सितंबर तक छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. इसके उपरांत 30 सितंबर से पश्चिमोत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और हल्की गुलाबी सर्द की शुरुआत हो जाएगी.

