Last Updated:
एशियन गेम्स 2026 के 9वें दिन ट्रैक एंड फील्ड में भारतीय एथलीटों ने धूम मचा दी. भारत की एंसी सोजन ने लॉन्ग जंप में दिन का तीसरा सिल्वर मेडल अपने नाम किया. एंसी सिर्फ 2 सेंटीमीटर से गोल्ड जीतने से चूक गईं. एंसी के अलावा ट्रैक एंड फील्ड में हरिता भद्रा और तेजस्विन शंकर ने भी ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
एंसी सोजन ने जीता सिल्वर मेडल (फोटो- रिलायंस फाउंडेशन)
नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 के 9वें दिन भारत को लॉन्ग जंप में एंसी सोजन ने दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल दिलाया. लॉन्ग जंप के इस स्पर्धा में एंसी अधिकांश समय बढ़त बनाए रखी, लेकिन अंत में उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. एंसी 6.53 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से दूसरे स्थान पर रहीं. चीन की हुआंग यिंगयिंग ने आखिरी प्रयास में 6.55 मीटर की कूद लगाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
हालांकि एंसी की हमवतन शैली सिंह को महिला लंबी कूद फाइनल में निराशा हाथ लगी. चीन की मेंगयी तान ने 6.46 मीटर की कूद लगाकर भारतीय खिलाड़ी को पीछे छोड़ दिया जिससे शैली ब्रॉन्ज मेडल से चूक गईं. शैली का दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रयास 6.42 मीटर रहा. एंसी ने अपने पांचवें प्रयास में 6.53 मीटर की कूद लगाई थी लेकिन यिंगयिंग ने अंतिम प्रयास में 6.55 मीटर की कूद के साथ भारतीय खिलाड़ी को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया.
हरिता भद्रा ने 200 मीटर रेस में जीता ब्रॉन्ज
इससे पहले भारत की हरिता भद्रा ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में 23.20 सेकेंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता. भद्रा जापान की इडो अबिगेइरुफुका से ठीक आगे तीसरे स्थान पर रहीं. इडो ने 23.21 सेकेंड का समय लिया.
महिला 200 मीटर फाइनल में सिंगापुर की शांति परेरा ने सत्र के सर्वश्रेष्ठ 22.78 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक जीता जबकि चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकेंड के समय से रजत पदक जीता. फाइनल में शामिल दूसरी भारतीय उन्नति अयप्पा बोलैंड 23.48 सेकेंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहीं.
तेजस्विन शंकर ने भी जीता ब्रॉन्ज
भारतीय ट्रैक एवं फील्ड के स्टार खिलाड़ी तेजस्विन शंकर ने भी पुरुष डेकाथलन स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता. उन्होंने बेहद चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता की अंतिम स्पर्धा 1500 मीटर दौड़ में जीत दर्ज करके यह पदक हासिल किया. तेजस्विन ने 7934 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तेजस्विन ने 100 मीटर, लंबी कूद, गोला फेंक, ऊंची कूद और 400 मीटर में शानदार प्रदर्शन के दम पर पहले दिन 4338 अंक जुटाए थे और दूसरे दिन की शुरुआत शीर्ष स्थान से की थी.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ें

