नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत के लिए गोल्ड मेडल का इंतजार खत्म हो गया. भारत की महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर देश के लिए पहला सोने का तमगा जीता. हालांकि, क्रिकेट में गोल्ड के साथ भारत के लिए कुछ खेल में निराशा भी मिली. इसमें भारत की महिला बैडमिंटन का प्रतियोगिता से बाहर होना रहा है. शुरू के दो दिनों में निशानेबाजी में धूम मचाने वाले भारतीय शूटर्स के लिए भी चौथा दिन फीका ही रहा. इसके अलावा मेंस बैडमिंटन टीम और वुशु में भारतीय एथलीटों ने पदक पक्के किए.
भारत के पुरुष बैडमिंटन टीम ने मेडल किया पक्का
लक्ष्य सेन की जीत से पुरुष बैडमिंटन टीम ने शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए जापान को मात दी और कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया. भारतीय पुरुष टीम ने पिछले चरण में रजत पदक जीता था. उसके लिए सेन ने वापसी करते हुए शानदार जीत हासिल की, उनके अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी और आयुष शेट्टी की जीत ने टीम को सफलता दिलाई.
बैडमिंट में भारत के लिए रहा उतार-चढाव भरा दिन
बैडमिंटन में पुरुषों की सफलता से पहले महिला टीम को जापान के खिलाफ 1-3 से हार का समाना करना पड़ा था. विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया लेकिन एकल खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण भारतीय महिला टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से 1-3 से हारकर बाहर हो गई. महिला वर्ग में भारत की तरफ से दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने मुकाबले की शुरुआत की. उन्होंने विश्व में तीसरे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची के सामने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन निर्णायक गेम में उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और वह आखिर में 23-21, 18-21, 6-21 से हार गईं. उन्नति हुड्डा इसके बाद 2022 की विश्व जूनियर चैंपियन और विश्व में सातवें नंबर की खिलाड़ी टोमोका मियाजाकी से 16-21, 18-21 से हार गईं, जिससे जापान 2-0 से आगे हो गया.
वुशु में रोशिबिना देवी ने मेडल किया पक्का
वुशु में रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए एक पदक पक्का कर लिया. उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मकाऊ की चू मैन सिन को हराया. इससे पहले इस प्रतियोगिता के पिछले दो चरण में रजत और कांस्य पदक जीत चुकीं रोशिबिना को ‘आइची प्रीफेक्चुरल मार्शल आर्ट्स हॉल’ में मकाऊ की अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अंकों के अंतर के आधार पर विजेता घोषित किया गया.
मुक्केबाजी में भारतीय एथलीटों का अजेय सफर जारी
मुक्केबाजी में भारतीय खिलाड़ियों का अजेय सफर जारी है. साक्षी चौधरी ने महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता फिलीपींस की ऐरा विलेगास को 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष वर्ग में जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) भी नेपाल के चंद्रा बहादुर थापा पर 5-0 की जीत के साथ आगे बढ़ने में सफल रहे.
जिमनास्टिक में प्रणति नायक वॉल्ट फाइनल में बनाई जगह
एशियाई खेलों में भाग ले रही भारत की एकमात्र जिमनास्ट प्रणति नायक ने कलात्मक जिमनास्टिक स्पर्धा में सातवां स्थान हासिल करके वॉल्ट फाइनल के लिए क्वालीफाई किया. एशियाई जिमनास्टिक्स चैंपियनशिप में तीन बार कांस्य पदक जीतने वाली प्रणति 19 जिमनास्ट में सातवें स्थान पर रहीं जिससे उन्होंने वॉल्ट स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई. फाइनल 24 सितंबर को होगा.
भारत की टेबल टेनिस टीम ने भी दर्ज की जीत
भारतीय महिला टीम ने एशियाई खेलों में टेबल टेनिस प्रतियोगिता में थाईलैंड को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की लेकिन भारतीय पुरुष टीम मंगलवार को दक्षिण कोरिया से हारकर बाहर हो गई. भारतीय महिला टीम ने यहां स्काई हॉल में थाईलैंड को 3-2 से हराया, लेकिन पुरुष टीम 0-3 से हार गई. यह ग्रुप चरण में ईरान के खिलाफ हार के बाद टीम की दूसरी शिकस्त थी.
निशानेबाजी में भारत के लिए चौथा दिन रहा फीका
निशानेबाजी में भारत का अभियान मंगलवार को थोड़ा फीका पड़ा जब इलावेनिल वलारिवान और किशोर निशानेबाज पार्थ माने अच्छी शुरुआत को पदक में नहीं बदल सके और यहां एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में चौथे और अंतिम स्थान पर रहे. यह निराशा इसलिए भी अधिक रही क्योंकि इलावेनिल और पार्थ ने 634.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था और स्वर्ण पदक की चुनौती पेश करने के लिए मजबूत स्थिति में दिख रहे थे. भारतीय जोड़ी अपनी क्वालीफिकेशन वाली लय फाइनल में बरकरार नहीं रख सकी और 18वें शॉट के बाद पदक की दौड़ से बाहर हो गई.
स्कीट निशानेबाजी में हालांकि अनंतजीत सिंह नारूका ने 100 में से 96 निशानों के साथ एशियाई खेलों के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने हुए है. वह 25-25 निशानों के चार दौर के बाद चार खिलाड़ियों के साथ तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं. ओलंपियन और विश्व कप फाइनल के कांस्य पदक विजेता ने पहले दिन 24 और 25 का स्कोर किया था. उन्होंने इसके बाद मंगलवार को 23 और 24 का स्कोर किया. क्वालीफिकेशन में बुधवार को होने वाला 25 निशानों के एक और दौर बचा हुआ है और नारूका आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाने और पदक के लिए चुनौती पेश करने की मजबूत स्थिति में हैं.
हॉकी में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 16-1 से हराया
तलवारबाजी और कराटे में जश्न मनाने लायक कुछ खास नहीं रहा. कराटे में चेतन भट्ट 84 किलोग्राम वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में हार गए. तैराकों का प्रदर्शन भी फीका रहा क्योंकि पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम अंतिम स्थान पर रही. इसके अलावा पुरुष हॉकी टीम ने एक और शानदार जीत दर्ज करते हुए पूल मैच में श्रीलंका को 16-1 से रौंदा.

