Last Updated:
UP Teacher Vacancy 2026: यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है. इसमें 12,405 सहायक अध्यापक और 2,607 PGT यानी प्रवक्ता के पद शामिल हैं. सहायक अध्यापक के लिए आवेदन 16 सितंबर और PGT के लिए 18 सितंबर से शुरू होंगे.
12,405 सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती.
UP Teacher Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. प्रदेश में एक साथ 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती शुरू होने जा रही है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने इसके लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं. भर्ती में सहायक अध्यापक से लेकर प्रवक्ता यानी PGT तक के पद शामिल हैं. सबसे ज्यादा 12,405 पद सहायक अध्यापकों के हैं, जबकि 2,607 पद प्रवक्ता (PGT) के लिए हैं. सहायक अध्यापक के पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से और PGT पदों के लिए 18 सितंबर से शुरू होगी.
12,405 सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती
सहायक अध्यापक भर्ती में दो तरह के पद शामिल किए गए हैं. माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी के 897 पद हैं. इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक, शहरी के 11,508 पद हैं. यानी दोनों को मिलाकर सहायक अध्यापक के कुल 12,405 पदों पर चयन किया जाएगा. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 सितंबर 2026 से शुरू होंगे. अभ्यर्थी 15 अक्टूबर तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे. आवेदन में किसी तरह का बदलाव करना है तो उसके लिए 19 अक्टूबर तक का समय मिलेगा. सहायक अध्यापक पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है.
PGT के 2,607 पद भी खाली
शिक्षक भर्ती का दूसरा बड़ा हिस्सा प्रवक्ता यानी PGT पदों का है. माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 2,607 PGT पदों पर भर्ती होगी. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 सितंबर 2026 से शुरू होंगे. आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है. वहीं आवेदन में सुधार के लिए 21 अक्टूबर तक मौका मिलेगा. PGT पदों की लिखित परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित की गई है.
फॉर्म भरने से पहले OTR जरूरी
इस भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR की व्यवस्था लागू की गई है. इसलिए उम्मीदवारों को संबंधित भर्ती का फॉर्म भरने से पहले OTR पूरा करना होगा. आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन की आखिरी तारीख का इंतजार न करें. समय रहते OTR पूरा करने के बाद आवेदन प्रक्रिया भी पूरी कर लें.
आवेदन से पहले ये काम जरूर करें
भर्ती में आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जारी पूरा विज्ञापन और निर्देश ध्यान से पढ़ना होगा. खासकर शैक्षिक योग्यता, उम्र, विषयवार पद, आवेदन शुल्क और दूसरी पात्रता की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन से ही जांचनी होगी. आयोग का कहना है कि सिर्फ विज्ञापन में दी गई शर्तों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन करें. भर्ती से जुड़ी आगे की जानकारी और किसी बदलाव के लिए आयोग की वेबसाइट देखते रहना जरूरी होगा.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें

