@जे0 के0…..

Sonbhadra । व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुढ़वाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में व्यापारियों ने सड़क सुरक्षा, गोवंश, नशे के कारोबार और शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि जनपद के विभिन्न राजमार्गों पर बड़ी संख्या में गोवंश सड़क पर बैठे रहते हैं। रात के समय दृश्यता कम होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें गोवंश की मौत के साथ वाहन चालकों और यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने हाईवे के ब्लैक स्पॉट और गोवंश बहुल क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त प्रकाश, चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टिव साइनेज लगाने की मांग की।

उन्होंने नगर निकाय, ग्राम पंचायत और पशुपालन विभाग के संयुक्त समन्वय से सड़क पर विचरण करने वाले गोवंश को सुरक्षित गोआश्रय स्थलों तक पहुंचाने का अभियान चलाने का सुझाव दिया।
श्री शर्मा ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कथित रूप से हेरोइन की बिक्री का मुद्दा भी उठाया।
उनका कहना था कि नशे के बढ़ते कारोबार से चोरी जैसी घटनाओं में इजाफा हो रहा है। उन्होंने कोतवाली के सामने फ्लाईओवर के नीचे खड़े सीज वाहनों को हटाकर निर्धारित यार्ड में रखने की मांग की। व्यापारियों के अनुसार इन वाहनों की आड़ में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों को छिपने का अवसर मिलता है तथा आसपास की दृश्यता भी प्रभावित होती है।

व्यापारी नेता प्रितपाल सिंह ने रोडवेज बस स्टैंड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बस स्टैंड बनने के बावजूद बसें फ्लाईओवर के नीचे खड़ी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में उद्योग बंधु की बैठक में भी यह मामला उठाया गया था और संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद स्थिति दोबारा पहले जैसी हो गई है।

उन्होंने रंबल स्ट्रिप का मुद्दा भी उठाया। कहा कि कुछ दिन पूर्व रंबल स्ट्रिप पर मोटरसाइकिल सवार डॉक्टर के गिरने से मौत हो गई थी। कई रंबल स्ट्रिप पर न तो पेंटिंग है और न ही रेडियम लगाया गया है। उन्होंने सुरक्षा मानकों के अनुरूप रंबल स्ट्रिप को चिह्नित कराने की मांग की।
बैठक में राजेश जायसवाल, यशपाल सिंह, नागेंद्र मोदनवाल, विनय जायसवाल समेत व्यापारी संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
