Last Updated:
भारत में फॉर्मूला वन की वापसी की उम्मीद फिर जगी है. भारत में आखिरी F1 रेस 27 अक्टूबर 2013 को ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में हुई थी. केंद्र सरकार ने मोटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने और F1 को दोबारा भारत लाने के लिए नीति आयोग की अध्यक्षता में करीब 10 सदस्यीय टास्क फोर्स बनाई है. युगल किशोर जोशी को इसकी जिम्मेदारी दी गई है.
फॉर्मूला-1 की भारत में वापसी होने वाली है
नोएडा: रफ्तार के शौकीनों के लिए बड़ी खबर है. भारत में एक बार फिर फॉर्मूला वन रेस शुरू होने की उम्मीद जगी है. केंद्र सरकार ने भारत में फॉर्मूला वन और मोटर स्पोर्ट्स को दोबारा बढ़ावा देने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है. इस टास्क फोर्स की अध्यक्षता नीति आयोग करेगा और इसमें करीब 10 सदस्य होंगे. युगल किशोर जोशी को इस टीम की जिम्मेदारी दी गई है.
सूत्रों के मुताबिक, 2028 में भारत में दोबारा फॉर्मूला वन Grand prix कराने की संभावना पर काम शुरू हो गया है. टास्क फोर्स यह देखेगी कि भारत में फॉर्मूला वन को दोबारा कैसे लाया जाए और इसके लिए क्या-क्या बदलाव करने होंगे.
इस टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी टैक्स और दूसरी नीतिगत अड़चनों को दूर करना. टास्क फोर्स भारत के मोटर स्पोर्ट्स से जुड़े पूरे तंत्र का जायजा लेगी, टैक्स से जुड़ी समस्याओं का समाधान तलाशेगी और ऐसा रोडमैप तैयार करेगी जिससे भारत में फॉर्मूला वन की वापसी संभव हो सके. साथ ही 2028 में Grand prix कराने की व्यवहारिकता भी जांची जाएगी, इसमें खेल, वाणिज्य और पर्यटन मंत्रालयों के साथ मोटर स्पोर्ट्स के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे.
भारत में आखिरी बार फॉर्मूला वन रेस 27 अक्टूबर 2013 को ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में हुई थी. भारत में 2011, 2012 और 2013 में कुल तीन रेस हुईं और तीनों बार सेबेस्टियन वेट्टेल ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इसके बाद भारत से फॉर्मूला वन चला गया.
भारत से फॉर्मूला वन रेस के बाहर जाने की बड़ी वजह टैक्स विवाद रहा. उस समय उत्तर प्रदेश सरकार ने फॉर्मूला वन को खेल के बजाय मनोरंजन की श्रेणी में रखा था, जिसके चलते आयोजकों पर भारी मनोरंजन कर लगा, इसके अलावा लाइसेंस फीस, कस्टम ड्यूटी और सरकारी समर्थन की कमी जैसी वजहों से भी आयोजकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया. अब करीब 15 साल बाद एक बार फिर सवाल है क्या 2028 में भारत की सड़कों पर नहीं, बल्कि रेस ट्रैक पर दुनिया की सबसे तेज कारें दौड़ती नजर आएंगी?
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ें

