संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

देर रात एक अनोखा मामला सामने आया। विषैले सांप के काटने के बाद परिजन युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हैरत की बात यह रही कि परिजन सांप को भी सुरक्षित डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले आए, ताकि चिकित्सकों को सांप की पहचान करने में आसानी हो सके।
जानकारी के अनुसार, म्योरपुर ब्लॉक के सेवका मोड़ स्थित एक शराब की दुकान में कार्यरत अमित गुप्ता (19) पुत्र दिनेश गुप्ता सोमवार रात करीब नौ बजे दुकान के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक विषैले सांप ने उनके पैर में काट लिया। घटना से युवक की हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही सांप को भी सावधानीपूर्वक डिब्बे में बंद कर अपने साथ ले गए।

म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से युवक की हालत में सुधार हुआ और प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। वही सांप को भी सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया





