Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चार साल की शादीशुदा जिंदगी के बाद एक महिला अपने पति को छोड़कर अपनी ही महिला सहकर्मी के साथ किराए का कमरा लेकर रहने लगी. पति द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराकर तलाश करने पर जब वह खोड़ा के वंदना एनक्लेव में मिली, तो उसने पति के साथ घर जाने से साफ इनकार कर दिया और सहकर्मी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही. दोनों परिवारों के समझाने के बावजूद युवतियों ने अलग होने से मना कर दिया.
गाजियाबाद में महिला पति के घर से भाग कर ऑफिस महिला कलीग संग किराए के कमरे में रह रही थी. (तस्वीर एआई की मदद से बनाई गई है.)
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पति-पत्नी के रिश्ते हैरान करने वाला खबर आया है. चार साल पहले बड़ी धूमधाम से शादी करके घर आई एक महिला अचानक रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी. पति ने जब उसकी तलाश शुरू की और पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई, तो जो सच सामने आया उसने सबको हैरत में डाल दिया. महिला अपने पति और ससुराल को छोड़कर अपनी ही एक महिला कलीग के साथ किराए का कमरा लेकर रहने लगी थी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रिया और नीलम नाम की दो युवतियां एक ही निजी कंपनी में नौकरी करती थीं. साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई और देखते ही देखते यह नजदीकियां इतनी बढ़ गईं कि उन्होंने एक साथ रहने का फैसला कर लिया. इसी बीच, घरेलू बातों को लेकर महिला प्रिया और उसके पति के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया. गत 12 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद प्रिया अचानक घर छोड़कर चली गई. काफी दिनों तक जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो पति ने ईकोटेक थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज करा दिया और खुद भी उसकी तलाश में जुट गया.
सोशल मीडिया से खुला राज
उधर, नीलम के परिजन भी उसकी तलाश में परेशान घूम रहे थे. कुछ दिनों बाद दोनों परिवारों को सोशल मीडिया के जरिए यह भनक लगी कि प्रिया और नीलम गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक साथ रह रही हैं. इसके बाद दोनों परिवारों के लोग एक्टिव हुए और रविवार को जब वे खोड़ा के वंदना एनक्लेव पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. वंदना एनक्लेव इलाके में दोनों युवतियां एक किराए के मकान में हंसी-खुशी एक साथ रह रही थीं.
पति के साथ जाने से साफ इनकार
जब परिवार के लोगों ने दोनों को समझाने की कोशिश की और घर वापस चलने का आग्रह किया, तो दोनों ने अलग होने से दो टूक इनकार कर दिया. महिला प्रिया ने अपने पति के साथ जाने से साफ मना कर दिया और कहा कि वह अब केवल नीलम के साथ ही अपनी जिंदगी बिताएगी. बातचीत के दौरान प्रिया ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पति का व्यवहार ठीक नहीं था और वह उसके साथ मारपीट किया करता था. हालांकि, उसके बयानों और रुख से यह साफ था कि उसका मुख्य उद्देश्य नीलम के साथ ही रहना है.
पुलिस की मौजूदगी में चली लंबी पंचायत
मामला बढ़ने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. देर शाम तक पुलिस की मौजूदगी में दोनों युवतियों और उनके दोनों पक्षों के परिजनों के बीच बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. इस अनोखे और उलझे हुए मामले को लेकर एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने मीडिया को जानकारी दी कि पुलिस को इस संबंध में शिकायत मिल गई है और अब कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
