@जे0 के0….

Sonbhadra। कोन ब्लॉक क्षेत्र के बाबा मच्छेंद्र नाथ मंदिर परिसर में शनिवार को सदर विधायक भूपेश चौबे के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के स्थानों की सफाई कर लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के बाद आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी।

जन चौपाल में क्षेत्र में संचालित और प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से सामने आई। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में कंपनियों के आने से रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं, इसलिए स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार का अवसर मिलना चाहिए।

विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि क्षेत्र में विकास और उद्योगों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के हितों का ध्यान रखना भी आवश्यक है। कंपनियों को स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए गंभीरता से प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क समेत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक के प्रति आभार जताया। साथ ही कुछ स्थानों पर शेष विकास कार्यों और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग रखी। विधायक ने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, सदर एसडीएम आशीष त्रिपाठी, ओबरा एसडीएम रवि वर्मा, पूर्व क्षेत्रीय मंत्री सुदामा पटेल, जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, अनूप तिवारी, शिवम सिंह, राजबहादुर सिंह, लक्ष्मण देव खरवार, किरण त्रिपाठी, देवेश मिश्रा, बाबा गोवर्धन दास, अमित दुबे समेत ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
