विनीत मनोचा हत्याकांड में पुलिस छह लाख की सुपारी देने की आरोपी बहू और दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है लेकिन अब भी इस सनसनीखेज हत्याकांड की कुछ गुत्थियां उलझी लग रही हैं। पुलिस अब उस रात पार्टी में शामिल सभी कपल्स से पूछताछ की तैयारी में है।

इधर ससुर का कत्ल, उधर बहू के ठुमके; पार्टी में शामिल सभी कपल्स से पूछताछ करेगी पुलिस
कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मनोचा हत्याकांड में पुलिस अब उन सभी कपल्स से पूछताछ की तैयारी कर रही है जो उस पार्टी में शामिल थे जहां विनीत की बहू शालू कत्ल वाली रात ठुमके लगा रही थी। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि कास्मोजिन लाउंज में आयोजित पार्टी में शामिल सभी 33 लोगों से पूछताछ की जाएगी। इसके लिए पुलिस जल्द सभी को नोटिस जारी कर सकती है।
विनीत मनोचा हत्याकांड में पुलिस छह लाख की सुपारी देने की आरोपी बहू और दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है लेकिन अब भी इस सनसनीखेज हत्याकांड की कुछ गुत्थियां उलझी लग रही हैं जिन्हें सुलझाने के लिए पार्टी में शामिल एक-एक कपल से पूछताछ करने वाली है। माना जा रहा है कपल्स से पूछताछ के जरिए पुलिस कुछ बुनियादी सवालों के जवाब हासिल करेगी। मसलन, पार्टी के बारे में एक-एक बात की जानकारी। किसका जन्मदिन था, किसने पार्टी अरेंज की, बिल भुगतान किसने किया जैसे सवाल-जवाब हो सकते हैं।
बहू शालू से ससुर लेते थे एक-एक रुपए का हिसाब
दवा व्यापारी विनीत मिनोचा की हत्याकांड की जांच लगातार जारी है। पुलिस की जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आयी है। पता चला है कि शालू को महीने में मिलने वाले एक-एक रुपये का हिसाब देना पड़ता था। रुपये कहां, खर्च किए इसका बिल देने के बाद ही उसे दूसरी किस्त मिलती थी। इससे वह काफी परेशान थी। घर में लगे दो कैमरों ने भी उसकी गोपनीयता भंग कर रखी थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दवा कारोबारी विनीत मिनोचा बेटे सुब्रत को 40 हजार रुपये और बहू शालू को 15 हजार रुपये हर महीने देते थे। सुब्रत से भी हिसाब-किताब लिया जाता था लेकिन शालू को खर्च के एक-एक रुपये का बिल देना होता था। 15 हजार रुपयों में वह कितनी सब्जी लाई, दूध का बिल कितना बना, घर में आए अन्य सामान पर कितना खर्च किया आदि का बिल बनाना पड़ता था। रुपये खत्म होने पर बिल देना पड़ता था। उसके बाद ही उसे आगे के खर्च के लिए रुपये मिलते थे। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि पूछताछ में यह जानकारी सामने आ है। जांच में ये तथ्य भी शामिल किए जा रहे हैं।
दो महिला IPS ने की पूछताछ, शालू बोली- गोपनीयता भंग हो रही थी
रविवार की सुबह पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के साथ दो महिला आईपीएस ने भी शालू से पूछताछ की थी। पूछताछ में पहले तो वह सब अच्छा बताती रही लेकिन बाद में कहा, घर के अंदर कैमरे कौन लगवाता है। इनकी वजह से मेरी गोपनीयता भंग हो रही थी। कई बार कैमरों की रिकार्डिंग बंद करनी पड़ती थी। इसके लिए भी उससे पूछताछ होती थी। जिंदगी पर बंदिश लग चुकी थी। जिससे वह काफी परेशान हो चुकी थी।
पोते को बर्थडे पर दादा ने दी थी स्पोर्ट्स कार
सुब्रत के बेटे श्रीजय का बर्थडे नवंबर माह में होता है। सूत्रों के मुताबिक पिछले बर्थडे पर श्रीजय स्कूल से घर पहुंचा तो दादा विनीत मिनोचा ने उसके लिए स्पोर्ट्स कार खरीदकर दी थी। इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ है। आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस वीडियो में श्रीजय अपने दादा को देखते ही उनके पैरों से जाकर लिपट जाता है। इसके बाद जैसे ही स्पोर्ट्स कार के उपर से कपड़ा हटता है वह बेहद खुश होता है।

