नई दिल्ली. ‘दृश्यम 3’ को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है. अजय देवगन, तब्बू की फिल्म में इस बार जयदीप अहलावत ने धांसू एंट्री ली है. ‘दृश्यम 3’ का आज ट्रेलर जारी हो गया है. इस बार फिल्म की कहानी में पहले से भी ज्यादा ट्विस्ट और टर्न नजर आने वाले हैं. पिछली बार जहां तब्बू को अक्षय खन्ना का साथ मिला था. वहीं इस बार कहानी में नया मोड़ आ गया है. अक्षय खन्ना के बाद अब जयदीप अहलावत ने फिल्म में धांसू एंट्री ली है.
अब तक अजय देवगन और श्रिया सरन ने मिलकर सिस्टम के साथ गेम खेला था लेकिन ‘दृश्यम 3’ के ट्रेलर को देखते हुए लगता है कि इस बर कहानी में नया ट्विस्ट होगा. उनके इस खूनी खेल का पर्दाफाश होने वाला है. तब्बू और जयदीप अहलावत पूरी तैयारी के साथ वापस आए हैं. उन्होंने अजय देवगन को घेरने के लिए पुख्ता सबूत जुगाड़ कर लिए हैं. 2 मिनट 49 सेकेंड के इस ट्रेलर में अजय देवगन इस बार फंसते दिख रहे हैं.
सबसे बड़ा सरप्राइज इस बार जयदीप अहलावत की एंट्री है. जहां ‘दृश्यम 2’ में तब्बू के साथ अक्षय खन्ना ने कहानी को नया मोड़ दिया था. वहीं तीसरे पार्ट में जयदीप अहलावत की मौजूदगी सस्पेंस को और गहरा करती दिखाई दे रही है. ट्रेलर में उनका किरदार बेहद गंभीर और चालाक अंदाज में नजर आता है. ऐसा लगता है कि वह सिर्फ मामले की जांच करने नहीं, बल्कि विजय सालगांवकर की बनाई पूरी कहानी को तहस-नहस करने आया है.
पहली दो फिल्मों में विजय ने अपने परिवार को बचाने के लिए हर कदम सोच-समझकर उठाया था. उसने पुलिस को ऐसी कहानी दिखाई कि उसके खिलाफ मौजूद शक भी पुख्ता सबूत में नहीं बदल पाया. लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग नजर आ रही है. तब्बू और जयदीप अहलावत के किरदार विजय के खिलाफ पुराने मामले को नए सिरे से खंगालते दिखाई देते हैं.
क्या खुल जाएगा विजय का बरसों पुराना राज?
ट्रेलर में ऐसे कई संकेत मिलते हैं, जिनसे लगता है कि पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सुराग लगे हैं, जो सालों से छिपे राज को सामने ला सकते हैं. यानी जिस खूनी खेल को विजय ने अपनी समझदारी से छिपा दिया था, अब उसके तार धीरे-धीरे जुड़ते नजर आ रहे हैं.
तब्बू और जयदीप की जोड़ी बढ़ाएगी टेंशन
इस बार तब्बू अकेली नहीं हैं. उनके साथ जयदीप अहलावत की मौजूदगी अजय देवगन के किरदार के लिए बड़ी चुनौती बनती दिख रही है. दोनों मिलकर विजय को घेरने की कोशिश करते हैं और यही फिल्म का सबसे बड़ा टकराव बनता नजर आ रहा है.
ट्रेलर में श्रिया सरन भी अपने परिवार को बचाने की कोशिश करती दिखाई देती हैं. लेकिन इस बार सिर्फ पुलिस से बचना ही चुनौती नहीं है, बल्कि पुराने राज को हमेशा के लिए दफन रखना भी मुश्किल होता जा रहा है.
बता दें, 2 अक्टूबर से शुरू हुआ ‘दृश्यम’ का किस्सा इस बार भी 2 अक्टूबर को ही अंजाम तक पहुंचेगा. अजय देवगन, श्रिया सरन, तब्बू और जयदीप अहलावत की फिल्म इस साल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है.

