राम मंदिर ट्रस्ट में आमूलचूल बदलाव के बाद व्यवस्थाओं में धीरे-धीरे नए फैसले लागू हो रहे हैं। इसी बदलाव के बीच अलग-अलग शिकायतों और आरोपों के चलते राम मंदिर की व्यवस्थाओं से हटाए गए तीन कर्मचारियों की वापसी हो गई है।
Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में हटाए गए कर्मचारियों की वापसी शुरू हो गई। राम मंदिर ट्रस्ट में आमूलचूल बदलाव के बाद व्यवस्थाओं में धीरे-धीरे नए फैसले लागू हो रहे हैं। इसी बदलाव के बीच अलग-अलग शिकायतों और आरोपों के चलते राम मंदिर की व्यवस्थाओं से हटाए गए तीन कर्मचारियों की वापसी हो गई है। नए पूर्णकालिक महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि के आगमन के बाद शहीद कारसेवक वासुदेव गुप्ता के बेटे संदीप गुप्ता के साथ ही केडी तिवारी और बजरंग पाठक को भी पुराने दायित्वों के साथ बहाल कर दिया गया है।
तीर्थ यात्री सेवा केंद्र में लॉकर व्यवस्था में लगाए गए कर्मचारी संदीप गुप्ता को विदेशी महिला की शिकायत के बाद व्यवस्था से हटा दिया गया था। विदेशी महिला ने लॉकर में सामान रखने को लेकर हुई कहासुनी के बाद ट्रस्ट को शिकायती पत्र दिया था। अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने शिकायत के आधार पर संदीप को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर उन्हें काम से पूरी तरह हटा दिया गया था। शहीद कारसेवक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संदीप गुप्ता को राम मंदिर में काम दिया गया था। नए पूर्णकालिक महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि के आगमन के बाद उनसे संदीप की बहाली की सिफारिश की गई। इसके बाद उन्हें दोबारा बहाल करते हुए यथास्थान तैनाती दे दी गई।
प्रसाद के विवाद में हटे थे बजरंग पाठक
रामजन्मभूमि परिसर में तैनात एक महिला क्षेत्राधिकारी ने अपने मेहमानों के लिए प्रसाद दिलाने की सिफारिश की थी। प्रसाद व्यवस्था के प्रभारी बजरंग पाठक ने ट्रस्ट से आदेश दिलाने की बात कहते हुए सिफारिश मानने से इनकार कर दिया। इससे खफा क्षेत्राधिकारी ने उनकी शिकायत ट्रस्ट से की थी। शिकायत के बाद अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने रामलला के आभूषणों और दानदाताओं द्वारा समर्पित वस्तुओं की देखरेख के प्रभारी केडी तिवारी और प्रसाद व्यवस्था प्रभारी बजरंग पाठक को राम मंदिर से हटाकर बाग बिजैसी स्थित तीर्थ क्षेत्र पुरम भेज दिया था। केडी तिवारी ने वहां ज्वाइन कर लिया था। वहीं बजरंग पाठक ने आदेश का पालन नहीं किया और कारसेवक पुरम में सेवा देते रहे। इसके बाद अंतरिम महासचिव ने उन्हें भी व्यवस्था से बाहर कर दिया था। अब नए महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि ने केडी तिवारी और बजरंग पाठक को भी राम मंदिर में उनके पुराने दायित्वों के साथ वापस कर दिया है।
चंपत, अनिल ने कहा- किसी भी समस्या पर कर्मचारी उन्हें बताएं
चढ़ावा प्रकरण के बाद महासचिव पद से त्यागपत्र देने वाले विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपतराय और पूर्व ट्रस्टी डा. अनिल मिश्र भी घटनाक्रम के बाद पहली बार तीर्थ यात्री सेवा केंद्र पहुंचे। दोनों ने वहां कक्ष में बैठकर कर्मचारियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। दोनों पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि किसी तरह की परेशानी या समस्या होने पर उन्हें अवगत कराएं। दोनों ने करीब एक घंटे तक तीर्थ यात्री सेवा केंद्र में समय बिताया।

