Last Updated:
साल 2022 में जब बॉक्स ऑफिस पर रॉकिंग स्टार यश का जादू चला, तो कमाई का नया इतिहास दर्ज हो गया. महज 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी एक्शन-ड्रामा फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. लागत के मुकाबले 1150 फीसदी मुनाफा कमाया. धांसू एक्शन, जानदार डायलॉग्स और सीटीमार स्वैग के दम पर यह साल की सबसे बड़ी कमाई करने वाली नंबर 1 फिल्म बन गई.
नई दिल्ली. सुपरस्टार यश ने 4 साल लंबे गैप के बाद ‘टॉक्सिक’ फिल्म से कमबैक किया. मगर कमाई के मामले में यह एक्शन थ्रिलर मूवी वो कमाल नहीं दिखा पाई, जिसकी उम्मीद की गई थी. इसकी कहानी दर्शकों के इम्प्रेस करने में फेल हो गई और यही वजह है कि 101 करोड़ की ओपनिंग के बाद बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में लगातार भारी गिरावट आई. इस बीच हम आपको यश की पिछली ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसका नाम है ‘केजीएफ: चैप्टर 2’. (फोटो साभार: IMDb)
भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में यश की ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ भी शुमार है. महज 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म ने दुनियाभर के सिनेमाघरों में कमाई के ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिसने पूरे बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया. (फोटो साभार: IMDb)
फिल्म की कहानी पहले पार्ट यानी ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ के आगे से शुरू होती है, जहां रॉकी (यश) गरुड़ा को मौत के घाट उतारने के बाद कोलार गोल्ड फील्ड्स पर अपना एकछत्र राज स्थापित कर लेता है. रॉकी वहां के मजदूरों के लिए मसीहा बन जाता है, लेकिन उसकी यह सल्तनत कई दुश्मनों की आंखों की किरकिरी बन जाती है. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google
कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब गरुड़ा का क्रूर और निर्दयी चाचा अधीरा (संजय दत्त) वापस लौटता है और सोने की खदानों पर दोबारा कब्जा करने के लिए रॉकी से भिड़ जाता है. वहीं दूसरी तरफ, देश की प्रधानमंत्री रमिका सेन (रवीना टंडन) रॉकी के इस बढ़ते साम्राज्य को देश की सुरक्षा के लिए खतरा मानती हैं और उसे खत्म करने का प्रण लेती हैं. (फोटो साभार: IMDb)
होमबाले फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ का निर्माण लगभग 100 करोड़ रुपये के बजट में किया गया था. जब यह फिल्म 14 अप्रैल 2022 को पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज हुई, तो इसने बंपर ओपनिंग दर्ज की. इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 1,250 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन करके इतिहास रच दिया था. (फोटो साभार: IMDb)
अपनी लागत के मुकाबले इस फिल्म ने मेकर्स को 1150 फीसदी से अधिक का धमाकेदार मुनाफा दिया था. इस शानदार कमाई के साथ ‘केजीएफ 2’ साल 2022 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म साबित हुई, जबकि दूसरे नंबर पर एसएस राजामौली की मूवी ‘आरआरआर’ रही. ‘केजीएफ 2’ हिंदी डब वर्जन ने भी अकेले 430 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट बिजनेस कर इतिहास रच दिया था. (फोटो साभार: IMDb)
फिल्म की स्टारकास्ट की परफॉर्मेंस इस सफलता की सबसे मजबूत कड़ी साबित हुई. यश ने रॉकी भाई के अपने बेजोड़ स्वैग, धाकड़ एटीट्यूड और वजनदार डायलॉग्स से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. अधीरा के किरदार में संजय दत्त के खौफनाक लुक और शानदार एक्टिंग ने स्क्रीन पर गजब का रोमांच पैदा किया, तो वहीं प्रधानमंत्री रमिका सेन के किरदार में रवीना टंडन की मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस और कड़क अंदाज ने कहानी को एक अलग ऊंचाई दी. (फोटो साभार: IMDb)
बताते चलें कि प्रशांत नील ने यश की ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ को लिखा और डायरेक्ट किया था. वैसे अभी इस मूवी कहानी खत्म नहीं हुई है और इसके तीसरे पार्ट का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. खबर है कि साल 2027 में ‘केजीएफ’ के तीसरे पार्ट पर काम शुरू हो सकता है, क्योंकि प्रशांत नील फिलहाल जूनियर एनटीआर स्टारर ‘ड्रैगन’ फिल्म में बिजी हैं. (फोटो साभार: IMDb)

