UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मौसम कल यानी रविवार छह सितंबर से मौसम फिर तेवर दिखाएगा। मौसम विज्ञानियों ने प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने और मानसून की ट्रफ रेखा बहुत नीचे चले जाने से पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं पर भारी बारिश हुई। शु्क्रवार प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बस्ती में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार छह सितंबर को उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बिजनौर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, हरदोई, फर्रुखाबाद, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, संभल, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
कानपुर में दशकों बाद लगातार 11 दिन बारिश
कानपुर में दशकों बाद लगातार 11 दिनों तक बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को भी कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हुई। इस दौरान कुल 346.9 मिमी बारिश हुई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के वेदर स्टेशन में शुक्रवार सुबह 08:30 बजे तक 10.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह बारिश लगातार 25 अगस्त से कभी कम तो कभी तेज होती रही है। वेदर स्टेशन पर बारिश के लिए एक दिन सुबह 08:30 बजे से अगले दिन सुबह 08:30 बजे तक होता है। इस दौरान पिछले 11 दिनों में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा जब बारिश न हुई हो। सीएसए के रिकॉर्ड के अनुसार 25 अगस्त को 2.0, 26 अगस्त को 84.1, 27 अगस्त को 28.6, 28 अगस्त को 57.9, 29 अगस्त को 19.8, 30 अगस्त को 3.7, 31 अगस्त को 0.9, 01 सितंबर को 68, 02 सितंबर को 39, 03 सितंबर को 42 और 04 सितंबर को 10.9 मिमी बारिश हुई।
खराब मौसम से चार उड़ानें लखनऊ डायवर्ट
वहीं, दिल्ली-एनसीआर में खराब मौसम और भारी बारिश के चलते शुक्रवार को हवाई यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली जाने वाली चार उड़ानों को डायवर्ट कर लखनऊ एयरपोर्ट भेजा गया। इनमें बेंगलुरु, लुधियाना, इंदौर और हैदराबाद से दिल्ली जा रही उड़ानें शामिल हैं। एयरपोर्ट के मुताबिक क्यूपी 1821 बेंगलुरु-दिल्ली उड़ान 16:37 बजे लखनऊ पहुंची। एयर इंडिया की एआई 484 लुधियाना-दिल्ली उड़ान 16:50 बजे लखनऊ पहुंची और 17:51 बजे यहां से दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसी तरह एयर इंडिया की एआई 2516 इंदौर-दिल्ली उड़ान 16:58 बजे लखनऊ पहुंची, जबकि एआई 2541 हैदराबाद-दिल्ली उड़ान 17:06 बजे लखनऊ पहुंची। मौसम की स्थिति को देखते हुए उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा।
