संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक झांकियां सजाई गईं। मंदिरों और आयोजन स्थलों पर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय नजर आया।
म्योरपुर कस्बे के श्रीकृष्ण कूप सहित कई स्थानों पर विशेष आयोजन किए गए। महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी मनाई। गीत-संगीत के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और कान्हा के जन्म की खुशियां साझा कीं। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मून स्टार इंग्लिश स्कूल के पास आकर्षक झांकी का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बच्चों और युवाओं में झांकी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इसके अलावा बस स्टैंड, लिलासी मोड़ और हनुमान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी जन्माष्टमी का आयोजन हुआ। जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रमों के साथ देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा।
थाना परिसर में भी धूमधाम से मना जन्मोत्सव:
म्योरपुर थाना परिसर में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के लोगों ने भी आयोजन में हिस्सा लिया। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और जन्मोत्सव के बाद उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई तथा प्रसाद का वितरण किया गया।

रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय श्रद्धालुओं ने जमकर जयकारे लगाए। पूरा वातावरण ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। महिलाओं के सोहर गीत और भक्ति गीतों से माहौल और भी भक्तिमय हो गया।
जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक कस्बे के विभिन्न आयोजन स्थलों पर लोगों की आवाजाही बनी रही और म्योरपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रौनक देखने को मिली।