संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…

पिपरी स्थित रिहंद बांध में लगातार बढ़ते जलस्तर और सोन नदी में आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पानी की निकासी नियंत्रित कर दी गई है। सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए रिहंद बांध के चार फाटकों को बंद कर दिया गया है। वर्तमान में बांध के फाटक संख्या 6, 7 और 8 खुले हैं और तीनों को 16-16 फीट खोला गया है।
इन तीन फाटकों से करीब 33 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। इसके अलावा बांध की टरबाइनों से करीब 17,960 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। खास बात यह है कि करीब 18 घंटे तक सात फाटक खुले रहने के बावजूद बांध के जलस्तर में 0.2 फीट की वृद्धि दर्ज की गई। गुरुवार सुबह बांध का जलस्तर 871.5 फीट था, जो शुक्रवार सुबह छह बजे बढ़कर 871.7 फीट पहुंच गया।

लगातार पानी की आवक के बावजूद सोन नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बांध से पानी की निकासी कम करने का निर्णय लिया गया।
गुरुवार रात करीब 10 बजे फाटक संख्या 5 और 9 को बंद कर दिया गया। इससे पहले फाटक संख्या 4 और 10 भी गुरुवार की शाम 4.30 बजे बंद किए जा चुके थे। इस तरह रिहंद बांध के कुल चार फाटक बंद हो चुके हैं और तीन गेट से पानी की निकासी जारी है।

रिहंद बांध से निकलने वाला पानी आगे ओबरा बांध पहुंचता है। ओबरा बांध के फाटक खुलने के साथ ही बाणसागर परियोजना का पानी भी सोन नदी में आने से नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसी को देखते हुए फिलहाल रिहंद से पानी की निकासी नियंत्रित की गई है।
हालांकि, यदि बांध में पानी की आवक बढ़ती है और जलस्तर में और वृद्धि होती है तो शुक्रवार को दोबारा फाटक खोले जा सकते हैं। अधिकारियों की ओर से बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
