संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

म्योरपुर थाना क्षेत्र के हरारोरी गांव में शुक्रवार सुबह तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों द्वारा तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हरारोरी गांव निवासी कबूतरी देवी पत्नी देवनारायण यादव 45 वर्ष अपने घर में मौजूद थीं, तभी अचानक तेज गरज-चमक के साथ उनके कच्चे मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह बेहोश होकर गिर पड़ीं।

घटना के दौरान घर के छप्पर में आग लग गई, जिससे घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों द्वारा महिला का इलाज शुरू कर दिया गया है।





