मध्य प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मुद्दे को उठाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जरूरत पड़ने पर आम जनता के घरों की आग बुझाने नहीं पहुंच पाती फायर ब्रिगेड और यहां सिंगरौली में भाजपा विधायक ने फायर ब्रिगेड को अपना निजी वाशिंग सेंटर बना रखा है।’
मध्य प्रदेश में फायर ब्रिगेड के वाहनों को एक नया काम मिल गया है। दरअसल कहीं आग लगने पर दमकल के ये वाहन भले ही सही समय पर पहुंचे या नहीं, लेकिन नेताओं ने अब उन्हें इस्तेमाल करने का एक नया तरीका निकाल लिया है। आग बुझाने के काम में आने वाली इन गाड़ियों को अब नेताओं की निजी गाड़ियां धोने के काम में भी लिया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला सिंगरौली शहर में सामने आया है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में फायर ब्रिगेड का एक वाहन स्थानीय विधायक राम निवास शाह की गाड़ी को धोते हुए दिख रहा है। वीडियो में दमकल कर्मचारी बड़ी शिद्दत से विधायक के वाहन को धो रहे हैं।
इस वीडियो के वायरल होते ही बवाल मच गया है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष पर हमलावर हो गई है। उधर इस बारे में विधायक की सफाई भी सामने आई है और उनका कहना है कि लोगों को ये समझना होगा कि गाड़ी कोई विधायक जी नहीं धोते हैं और जिन नेताओं की कोई हैसियत नहीं है वो इस पर सवाल उठा रहे हैं।
प्रेशर पाइप की मदद से धुल रही विधायक की गाड़ी
दरअसल इस घटना का 23 सेकेंड का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें विधायक के सफेद रंग के इनोवा वाहन के आगे फायर ब्रिगेड का वाहन खड़ा दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही विधायक व दमकल विभाग के कर्मचारी फायर ब्रिगेड के प्रेशर पाइप की मदद से वाहन पर पानी डालते हुए उसे धोते नजर आ रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष बोले- फायर ब्रिगेड को बनाया निजी वाशिंग सेंटर
राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ‘जरूरत पड़ने पर आम जनता के घरों की आग बुझाने नहीं पहुंच पाती फायर ब्रिगेड और यहां सिंगरौली में भाजपा विधायक ने फायर ब्रिगेड को अपना निजी वाशिंग सेंटर बना रखा है।’
सफाई में MLA बोले- उनकी क्या हैसियत है?
उधर इस बारे में सिंगरौली विधायक राम निवास शाह की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। एक चैनल से बात करने के दौरान जब उनसे इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसका ठीकरा अपने कर्मचारियों पर फोड़ दिया और कहा कि इस बारे में वो सवाल उठा रहे हैं, जिनकी कोई हैसियत नहीं है। सफाई देते हुए MLA ने कहा, ‘लोगों को ये समझना चाहिए, गाड़ी कोई विधायक जी धोते हैं, अब ऐसे विषय लेकर के लोग खड़े हो रहे हैं, जिनकी जमानतें नहीं बची हैं, जो पार्षद के लायक व्यक्ति नहीं हैं वो बात उठा रहे हैं, उनकी क्या हैसियत है।’
कांग्रेस बोली- जनता की हैसियत नाप रहे विधायक
विधायक के इसी जवाब को लोगों का अपमान बताते हुए कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘लोगों की हैसियत क्या है- जो ऐसे विषय उठा रहे हैं? क्या गाड़ी विधायक जी धोते हैं?- ये कहना है BJP विधायक रामनिवास शाह का।’ कांग्रेस ने आगे लिखा, ‘विधायक ने पहले फायर ब्रिगेड बुलवाकर अपनी गाड़ी धुलवाई और जब लोग इसके खिलाफ लिखने लगे तो जनता की हैसियत नाप रहे हैं।’
कांग्रेस पार्टी ने आगे इस बारे में लिखते हुए कहा, ‘कभी कोई BJP का नेता जनता को ‘भाड़े का टट्टू’ बताता है, तो कभी इन जैसे विधायक जनता को अपमानित करते हैं। BJP नेताओं का फंडा साफ है- जनता को लूटो, मौज करो और कोई सवाल उठाए तो उसे गालियां दो।’
हाल ही में शाह पर लगा था तिरंगे के अपमान का आरोप
इससे पहले रामनिवास शाह पर कांग्रेस ने तिरंगे के अपमान का आरोप लगाया था। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी कार्यकर्ता मंगलवार को शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इस बारे में बताते हुए पार्टी ने कहा था, ‘सिंगरौली में राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे के अपमान को लेकर BJP विधायक रामनिवास शाह के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान जी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर घेराव किया।’

