रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा……

आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुर्धवा में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ने अपने ही विभाग के अधिकारी पर छेड़खानी, जबरदस्ती और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर के अंतर्गत आने वाले मुर्धवा में तैनात सीएचओ ने आरोप लगाया कि 30 दिसंबर को सुबह लगभग 10 बजे ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर राम सिंह, जो सीएचसी म्योरपुर में कार्यरत हैं, ने उन्हें फोन कर केंद्र पर बुलाया। बताया गया कि एक चेकलिस्ट भरनी है। सूचना मिलने पर वह जल्दबाजी में केंद्र पहुंचीं।
पीड़िता के अनुसार, चेकलिस्ट भरने के दौरान राम सिंह ने डिलीवरी से संबंधित सामान दिखाने की बात कही और उन्हें डिलीवरी रूम में ले गए। वहीं पर आरोपी ने जबरदस्ती करते हुए उनके साथ छेड़खानी की, धक्का देकर नीचे गिरा दिया और गलत तरीके से छूने लगा। युवती ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और कमरे से बाहर भागीं।
आरोप है कि इसके बाद भी राम सिंह ने उनका पीछा किया और धमकी दी कि वह उनकी नौकरी खत्म करा देगा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी का व्यवहार मनबढ़ किस्म का है और वह पद का दुरुपयोग कर दबाव बनाने की कोशिश करता है।
मामले में सीएचओ द्वारा पिपरी थाने व विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।