रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा……

कड़ाके की ठंड में जब आम जनजीवन प्रभावित है, ऐसे समय में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा किया गया कंबल वितरण का कार्य मानवता और सामाजिक सरोकारों की मिसाल बनकर सामने आया है। बुधवार को हिंडाल्को के अधिकारियों ने म्योरपुर विकासखंड अंतर्गत रेणु नदी के तटवर्ती गांवों में पहुंचकर अत्यंत गरीब, असहाय, वृद्ध महिलाओं एवं बच्चों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाई।
यह क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
कई गांवों में बिजली और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है और ग्रामीण आज भी तालाब का पानी पीने को मजबूर हैं। ऐसे दुर्गम और उपेक्षित इलाकों में हिंडाल्को का पहुंचना और जरूरतमंदों की मदद करना सराहनीय पहल मानी जा रही है। धौकीनाला, रजनी टोला, बड़वान सहित आसपास के जंगलों और रास्तों में जो भी जरूरतमंद ग्रामीण मिले, उन्हें रोककर कंबल प्रदान किए गए।

इस पूरे मानवीय प्रयास में हिंडाल्को के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी यशवंत कुमार की भूमिका विशेष रूप से प्रशंसनीय रही। उन्होंने न केवल वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व किया, बल्कि स्वयं आगे बढ़कर जंगलों में मिले गरीब ग्रामीणों को कंबल देकर संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया। यशवंत कुमार ने कहा कि जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान देखना ही सबसे बड़ा संतोष है और कंपनी आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्य करती रहेगी।
सीएसआर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि कंपनी के सीओओ समीर नायक एवं क्लस्टर मानव संसाधन प्रमुख जसवीर सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया, जिसके तहत 200 से अधिक लोगों को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रशांत श्रीवास्तव, प्रमोद ओझा, अखिलेश मिश्रा, जी.के. मदान, अमिताभ मिश्रा, सर्वेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और आभार साफ नजर आया।