ओबरा/सोनभद्र (सौरभ गोस्वामी)……

विशुद्ध आध्यात्मिक तथा शास्त्रीय रूप से चल रहा नवरात्र अनुष्ठान रविवार से दुर्गोत्सव के रूप में लोकोत्सव बनने की ओर बढ़ चला। षष्ठी तिथि में लगभग सभी दुर्गा पूजा पंडालों में मां की प्रतिमाएं स्थापित कर दी गईं। स्थानीय गर्ल्स इंटर कॉलेज में की जाने वाली ओबरा परियोजना की सबसे पुरानी प्रतिष्ठित बंगाली समाज की दुर्गा पूजा के दुर्गा प्रतिमा एवं 59वाँ सोविनियर का अनावरण रविवार की देर शाम ओबरा परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं आर. के अग्रवाल द्वारा किया गया। इस मौके पर परियोजना के अन्य अधिकारी महाप्रबंधक प्रशासन, उपमहाप्रबंधक वित्त,अधीक्षण अभियन्ता सिविल के अतिरिक्त नगर पंचायत अध्यक्षा चांदनी एवं उनके प्रतिनिधि श्रवण कुमार तथा प्रधानाचार्या गर्ल्स कॉलेज की भी उपस्थिति रही ।

मौके पर आगन्तुक समस्त अतिथियों का स्वागत दुर्गा पूजा कमेटी के सचिव अजीत साहू, वरिष्ठ सदस्य संजय सरकार, वाणी व्रत बनर्जी, कैशियर रवींद्र चौबे, प्रदीप बसु, प्रदीप पालोधी, दीप्तिमान, दिलीप दत्ता द्वारा किया गया । पूजा कमेटी द्वारा बताया गया कि ओबरा परियोजना की प्रतिष्ठित पूजा जो बंगाली अनुष्ठान द्वारा प्रति वर्ष की जाती है, इस वर्ष भी षष्ठी से आरंभ होकर सप्तमी, अष्टमी, नवमी तिथियों तक करते हुए दशमी को सिंदूर खेला एवं प्रतिमा विसर्जित की जाएगी।वही पूजन के दौरान तीन दिन तक बच्चे एवं महिलाओं द्वारा नृत्य, खेल, प्रतियोगिता भी सम्पन्न की जायेगी ।
वहीं वीआईपी रोड स्थित शिशु शिक्षा निकेतन के पूजा पंडाल में मां दुर्गा समेत अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इसके अलावा चूड़ी गली, सिनेमा रोड, गीता मंदिर, सेक्टर दस, गजराज नगर में भी मां दुर्गा जी की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।