मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन….
…शाहगंज बाजार में स्वाभिमान सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन, 2027 में सरकार बदलने का किया दावा

घोरावल विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज बाजार में रविवार को यशकायी डॉ. सोनेलाल पटेल की स्मृति में स्वाभिमान सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राम भरोसे सिंह पटेल ने की।

उन्होंने डॉ. सोनेलाल पटेल के साथ 23 अगस्त 1999 को हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक सत्ता में कमजोरों और मजलूमों की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक व्यवस्था में अपेक्षित बदलाव नहीं आएगा।

मुख्य अतिथि सपा प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह ने डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों को आगे बढ़ाने और समाज को संगठित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्य वक्ता सपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. लोकपति सिंह पटेल को आयोजकों ने तलवार और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षित समाज को एकजुट किए बिना डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों को आगे बढ़ाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ. पटेल चाहते थे कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोग एकजुट होकर सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने किसानों की समस्याओं, खाद, बिजली और पानी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हैं और जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में मौजूदा सरकार को जनता सत्ता से बाहर कर देगी।

कार्यक्रम का संचालन लवकुश पटेल ने किया। शुभारंभ डॉ. सोनेलाल पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और मीडिया कर्मियों के सम्मान के साथ हुआ।

इस दौरान डॉ. ओपी मौर्य, श्याम बिहारी यादव, मोहन बियार, संतोष पटेल, त्रिपुरारी गोंड, राजेश विश्वकर्मा, श्याम बिहारी जायसवाल, कृष्णकांत पटेल, मीना विश्वकर्मा सहित अपना दल की नेत्री गुड़िया मौजूद रहीं।
